सोनम वांगचुक के समर्थन में पहुंचीं स्वरा भास्कर ने बॉलीवुड की चुप्पी पर खुलकर बात की। अभिनेत्री का कहना है कि कई सितारे डर की वजह से इस मुद्दे पर बोलने से बच रहे हैं।
सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरीं स्वरा भास्कर
- Published: 17 Jul 2026, 03:57 PM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 03:57 PM IST
Swara Bhasker: अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने सोनम वांगचुक के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि बॉलीवुड के कई कलाकार इस मुद्दे पर इसलिए खुलकर नहीं बोल रहे क्योंकि उन्हें डर है कि उनके साथ भी वही हो सकता है, जो पहले स्वरा के साथ हुआ था। स्वरा हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंची थीं, जहां सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
बॉलीवुड की चुप्पी पर क्या बोलीं स्वरा?
एक इंटरव्यू में स्वरा भास्कर से पूछा गया कि आखिर बॉलीवुड के बड़े सितारे इस आंदोलन से दूरी क्यों बनाए हुए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि कई कलाकार खुलकर बोलने से बच रहे हैं क्योंकि वे इसके नतीजों से डरते हैं। स्वरा ने कहा, "मेरे साथ जो हुआ, उसे सभी ने देखा है। शायद इसी वजह से कई लोग इस मुद्दे पर सामने नहीं आ रहे हैं।"
2011 के आंदोलन से की तुलना
स्वरा ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के समय हालात अलग थे और उस दौर में कलाकार खुलकर अपनी राय रखते थे। उनके मुताबिक, आज का माहौल पहले जैसा नहीं है, इसलिए कई लोग अपनी बात कहने से पहले कई बार सोचते हैं।
सरकार से बातचीत की अपील
स्वरा भास्कर ने कहा कि इतने दिनों से भूख हड़ताल चलने के बावजूद सरकार की ओर से बातचीत नहीं होना चिंता की बात है। उन्होंने सरकार से अपील की कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर इस मामले का हल निकालने की कोशिश की जाए।
हर मुद्दे के लिए सितारों का इंतजार मत कीजिए
स्वरा ने लोगों से यह भी कहा कि किसी सामाजिक मुद्दे की अहमियत इस बात से तय नहीं होती कि कोई बड़ा अभिनेता उसका समर्थन कर रहा है या नहीं। उनके मुताबिक, अगर कोई मुद्दा लोगों से जुड़ा है तो वह अपने आप में महत्वपूर्ण है।
मैं एक मां और नागरिक बनकर आई हूं
स्वरा ने बताया कि वह जंतर-मंतर किसी अभिनेत्री के तौर पर नहीं, बल्कि एक आम नागरिक और एक मां के रूप में पहुंची। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन उनकी बेटी के भविष्य से भी जुड़ा है और वह चाहती हैं कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा और समान अवसर मिलें।
यह भी पढ़े- सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर विवेक ओबेरॉय ने किया रिएक्ट, बोले- 'मैं अभिनेता हूं, नेता नहीं'