एसएसपी अनुराग आर्य ने अनुशासनहीनता के मामलों में सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने गुरुवार शाम पांच बजे सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें बिना अनुमति मेयर डॉ. उमेश गौतम का पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाला सिपाही भी शामिल है। वहीं, छुट्टी खत्म होने के बाद लंबे समय तक बिना अन
.
एसएसपी के आदेश के अनुसार, थाना क्योलड़िया में तैनात रिक्रूट आरक्षी पीयूष मोहन सात दिन की स्वीकृत छुट्टी पूरी होने के बाद 3 जुलाई से ड्यूटी पर नहीं लौटे। थाना मीरगंज में तैनात रिक्रूट आरक्षी अनिल कुमार भी पांच दिन की छुट्टी के बाद 14 जुलाई से बिना अनुमति अनुपस्थित चल रहे थे।
इसके अलावा यूपी-112 में तैनात आरक्षी सगुन कुमार 20 जून से, थाना इज्जतनगर में तैनात आरक्षी विवेक धामा 1 जुलाई से और रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी सौरभ कुमार 13 जुलाई से लगातार ड्यूटी से गैरहाजिर थे। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
मेयर का पॉडकास्ट रिकॉर्ड करना पड़ा भारी
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी अजय कुमार को बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति मेयर डॉ. उमेश गौतम का पॉडकास्ट/इंटरव्यू रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में निलंबित किया गया है। पुलिस के मुताबिक उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन किया, जिसके चलते उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
ड्यूटी से मना करने वाला कुक भी सस्पेंड
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कुक विक्की कश्यप पर भी कार्रवाई की गई है। आरोप है कि 5 जुलाई को ड्यूटी पर बुलाने के बावजूद उन्होंने आने से इनकार कर दिया और बाद में बिना अनुमति लगातार गैरहाजिर रहे। एसएसपी ने उन्हें भी निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसएसपी बोले- अनुशासन से समझौता नहीं
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, आदेशों की अवहेलना करने और सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।