Speed Breaker : बिहार में स्पीड ब्रेकर के कारण बड़ा हादसा; उछलकर कर अनियंत्रित बस पलटी, एक की मौत

Published on 20 जुल॰ 2026

सारण जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। वैशाली जिले से सिवान जा रही बारातियों से भरी बस तरैया थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य बारातियों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और शादी का उत्सव कुछ ही पलों में अफरा-तफरी में बदल गया।



पेड़ और बिजली के पोल से टकराई बस


जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के लालगंज से एक बारात सिवान जिले के जगदीशपुर जा रही थी। बारातियों से भरी बस जब तरैया थाना क्षेत्र में एसएच-73 पर गंडार गांव के समीप पहुंची, तभी स्पीड ब्रेकर के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस पहले सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ से टकराई और फिर बिजली के पोल से भिड़ते हुए पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

विज्ञापन



जेसीबी से निकाला गया बाराती


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान एक बाराती बस के नीचे दब गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। घायल को तत्काल तरैया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन



पांच गंभीर घायलों को किया गया रेफर


मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर गोरौल गांव निवासी मोहम्मद असगर के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।



ये भी पढ़ें-  नालंदा में आसमान से बरसी आफत, वज्रपात ने छीन लीं जिंदगियां; दस वर्षीय बालक समेत तीन की मौत



पुलिस जांच में जुटी


घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।



प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह स्पीड ब्रेकर पर बस का संतुलन बिगड़ना और चालक का नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस की रफ्तार कितनी थी और कहीं चालक की लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी ने दुर्घटना में भूमिका तो नहीं निभाई।



परिवारों में पसरा मातम


इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचकर अपने परिजनों की सलामती की जानकारी ले रहे हैं। शादी की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।