
पंजाब पुलिस SIT ने सुखबीर बादल को जारी किया समनImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)
साल 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले से जुड़े बहिबलकलां गोलीकांड की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने पंजाब के तत्कालीन उप-मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को पूछताछ के लिए समन जारी किया है. एसआईटी ने उन्हें 20 जुलाई को चंडीगढ़ में पेश होने के निर्देश दिए हैं. दरअसल, साल 2015 में फरीदकोट के बुर्ज जवाहर सिंह वाला और बरगाड़ी गांवों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाएं सामने आई थीं. इसके विरोध में सिख संगठनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2015 को बहिबलकलां में मुख्य हाईवे पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर बल प्रयोग किया था और गोलीबारी की थी. इस फायरिंग में दो सिख प्रदर्शनकारियों, गुरजीत सिंह और कृष्ण भगवान सिंह की मौत हो गई थी.
विजय सांपला के बयान के बाद सुखबीर बादल को तलब
पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला द्वारा एसआईटी के सामने दर्ज किए गए बयान के बाद सुखबीर सिंह बादल को तलब करने का फैसला लिया गया है. अपने बयान के दौरान सांपला ने कथित तौर पर उस ज्ञापन पर साइन करने से इनकार कर दिया, जिसे सुखबीर सिंह बादल के साथ मिलकर पंजाब के राज्यपाल को बेअदबी की घटनाओं के संबंध में पेश किया गया था. इस घटनाक्रम के बाद जांच दल ने ज्ञापन से संबंधित परिस्थितियों के बारे में बादल से और स्पष्टीकरण मांगने का फैसला किया.
पहले की घटनाओं की भी हो रही जांच
हालांकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सांपला ने पिछले हफ्ते पूछताछ के बाद मीडिया को बताया कि उन्होंने पुलिस से ज्ञापन की ओरिजिनल कॉपी दिखाने के लिए कहा था ताकि वह अपने साइन की पुष्टि या खंडन कर सकें. जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि एसआईटी अक्टूबर 2015 में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से पहले की घटनाओं के क्रम की भी जांच कर रही है. इससे पहले पूर्व SAD विधायक मंतर सिंह बराड़ ने कथित तौर पर एसआईटी को बताया था कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के साथ चर्चा हुई थी.
ये भी पढ़ें: जेल में बंद आजम खान, यूपी चुनाव में हर बार क्यों बन जाते हैं हॉट टॉपिक?

मोहित मलहोत्रा
भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर
Read More