सीतामढ़ी। डुमरा स्थित सीतामढ़ी उच्च विद्यालय में बुधवार को उस समय बच्चों का उत्साह बढ़ गया, जब सदर एसडीएम आनंद कुमार निरीक्षण के दौरान उनके बीच पहुंच गए।
.
एसडीओ ने विद्यार्थियों से पढ़ाई और स्कूल की सुविधाओं को लेकर बातचीत की।
इसके बाद क्विज प्रतियोगिता में बच्चों के साथ संवाद करते हुए उनसे अलग-अलग विषयों के सवाल पूछे। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों की उन्होंने सराहना की।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मॉडल विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों और सुविधाओं की निगरानी के क्रम में एसडीएम आनंद कुमार ने स्कूल का पुनः निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और खेलकूद से जुड़ी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।



बच्चों से पूछा- पढ़ाई में कहां आ रही परेशानी
SDM ने विद्यार्थियों से सीधे फीडबैक लेते हुए पूछा कि स्कूल में पढ़ाई का माहौल कैसा है और किन विषयों में उन्हें कठिनाई आती है।
शिक्षकों के सहयोग, पठन-पाठन की गुणवत्ता और उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर भी बच्चों से जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में परेशानी हो रही है, उन्हें अतिरिक्त सहयोग दिया जाना चाहिए।
क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिला पुरस्कार
निरीक्षण के दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। SDM ने बच्चों के ज्ञान, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास की सराहना की।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रोत्साहन सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने बच्चों से कहा कि केवल किताबों तक सीमित रहने के बजाय क्विज, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों में भी भाग लें। इससे उनके ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी विकास होगा।
पुरस्कार वितरण को लेकर उत्साह
एसडीएम ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत शैक्षणिक जरूरतों पर ध्यान देने और कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों का अधिकतम लाभ बच्चों को मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में विद्यार्थियों के बीच एसडीओ के साथ सीधे संवाद और पुरस्कार वितरण को लेकर खासा उत्साह नजर आया।