Saraikela News: सड़क सुरक्षा लेकर बैठक, औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर होगी कार्रवाई

Published on 28 सित॰ 2026

Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों के अनावश्यक ठहराव और अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने को लेकर सोमवार को परिसदन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. 


इसे भी पढ़ें:

हाईकोर्ट का आदेश: दुमका के 44 शिक्षकों को हाईकोर्ट से राहत
राज्य के बाहर सीएम समेत तमाम VIP की सुरक्षा में बदलाव, दिल्ली में अतिरिक्त वाहन और कमांडो रहेंगे तैनात


उद्योग सचिव अरवा राजकमल की अध्यक्षता में हुई बैठक में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मुख्य सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी सहित परिवहन, उद्योग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल हुए. झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात परिचालन की समीक्षा की गई.

चिलियामा स्थित रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से संबंधित जनहित याचिका के मामले पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने भारी वाहनों के अनियंत्रित ठहराव से उत्पन्न यातायात समस्याओं पर विचार करते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने पर जोर दिया. 


बैठक के बाद रूंगटा माइंस, राजनगर की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया. इस दौरान कंपनी प्रतिनिधियों को पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित रखने तथा वहां वाहनों के सुचारु आवागमन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.

उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात परिचालन के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय जरूरी है. उन्होंने कंपनियों को भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और सड़क पर वाहनों के अनावश्यक ठहराव को नियंत्रित करने के निर्देश दिए.

इधर, राजनगर दौरे के दौरान उद्योग सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा की गई. 


बैठक में मुख्य सड़कों पर यातायात की नियमित निगरानी, अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण और औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें