टीवी एक्ट्रेस सान्वी तलवार ने आरोप लगाया कि एक शो की शूटिंग के दौरान एक्टर करण कुंद्रा ने बिना उनकी मर्ज़ी के उन्हें किस किया, जिससे सेट पर झगड़ा हो गया। उन्होंने एक्टर पर हैरासमेंट के आरोप लगाए।
सान्वी तलवार ने करण कुंद्रा पर आरोप लगाए।
- Published: 23 Jul 2026, 06:00 PM IST
- Last Updated: 23 Jul 2026, 06:00 PM IST
Saanvie Tallwar Karan Kundrra: एक्ट्रेस सान्वी तलवार ने अपने 2015 के टीवी शो 'ये कहां आ गए हम' के को-स्टार करण कुंद्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्ट्रेस ने दावा किया है कि शो की शूटिंग के दौरान करण ने उनके साथ गलत व्यवहार किया और जबरदस्ती किस किया। हाल ही में एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि शूटिंग के दौरान हुई एक घटना की वजह से दोनों एक्टर्स के बीच झगड़ा हुआ और बाद में काम करने का माहौल मुश्किल हो गया।
'एक्शन' से पहले किस किया, फिर मारा थप्पड़
फिल्मीबीट से बात करते हुए, सान्वी ने बताया कि किसिंग सीन की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू होने से पहले ही मामला कुछ अजीब हो गया। उन्होंने कहा, "एक सीन था, लेकिन डायरेक्टर ने अभी 'एक्शन' भी नहीं बोला था कि उससे पहले ही उसने (करण कुंद्रा) मुझे किस कर लिया और मैंने उसे थप्पड़ मार दिया। उस समय तो उसने कोई रिएक्शन नहीं दिया, लेकिन कुछ देर बाद उसने वापस आकर मुझे ज़ोरदार थप्पड़ मारा। लड़की और लड़के के थप्पड़ की तीव्रता में फर्क होता है।
'सेट पर किसी ने साथ नहीं दिया, एकता मैम ने मांगी माफी'
अभिनेत्री ने बताया कि घटना के समय सेट पर मौजूद लोगों ने उनका खुलकर समर्थन नहीं किया। एक्ट्रेस ने आगे कहा- मैं ज़मीन पर गिर गई और फिर उसने मुझे और मेरे परिवार को गालियां दीं। किसी ने मेरा साथ नहीं दिया। बाद में एकता मैम ने करण की तरफ से माफी मांगी और मेरा साथ दिया। उन्होंने चीज़ों को आसान बनाया।"
तब करण की गर्लफ्रेंड अनुषा दांडेकर को बताई थी सच्चाई
सान्वी ने आगे आरोप लगाया कि उन्हें लगा कि करण उनमें दिलचस्पी ले रहे हैं, इसलिए उन्होंने एक कॉमन फ्रेंड के ज़रिए करण की उस समय गर्लफ्रेंड रहीं अनुषा दांडेकर को इस बारे में बताने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, "एक लड़की असल में समझ जाती है कि लड़का किस तरह से देख रहा है और उसका बर्ताव कैसा है। हमारा एक कॉमन दोस्त था, इसलिए मैंने सोचा कि अनुषा दांडेकर (जो उस समय करण की गर्लफ्रेंड थीं) को बता दूं कि करण मुझमें दिलचस्पी ले रहे हैं। लेकिन इसके बाद, वह सेट पर आती रहीं और नज़र रखती रहीं। जल्द ही, उन्होंने मेरे लिए मुश्किलें खड़ी करनी शुरू कर दीं और पूरा माहौल खराब हो गया।"
करण कुंद्रा की ओर से नहीं आया जवाब
गौरतलब है कि 'ये कहां आ गए हम' में करण कुंद्रा और सान्वी तलवार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। यह शो अपने समय में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा था। फिलहाल, सान्वी तलवार के लगाए गए आरोपों पर करण कुंद्रा की ओर से कोई सार्वजनिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।