बारिश में बिगड़ गया RO के पानी का स्वाद? 2 मिनट में ऐसे पता लगाएं फिल्टर खराब है या नहीं

Published on 17 जुल॰ 2026

RO Water Taste Changed: बारिश में RO के पानी का स्वाद बदल गया है? जानें बिना पैसे खर्च किए घर पर फिल्टर चोक है या नहीं, इसे चेक करने के आसान तरीके और जरूरी संकेत

RO Water Taste Changed in Rainy Season: बारिश शुरू होते ही आपके RO के पानी का स्वाद भी पहले जैसा नहीं रहा? पानी में हल्की बदबू आने लगी है या पानी पीने में अजीब लग रहा है? अगर हां, तो इसे नजरअंदाज न करें। कई लोग तुरंत नया फिल्टर खरीदने या सर्विस सेंटर से मैकेनिक बुलाने की सोचने लगते हैं, जबकि कई बार घर पर ही कुछ आसान तरीकों से पता लगाया जा सकता है कि फिल्टर चोक हुआ है या नहीं। आइए जानते हैं ऐसे आसान टेस्ट, जिन्हें करने में एक भी रुपये खर्च नहीं होंगे और पता भी चल जाएगा कि क्या दिक्कत है...

बारिश में RO के पानी का स्वाद क्यों बदल जाता है?

बारिश के मौसम में पानी के सोर्स में मिट्टी, छोटे कण और दूसरे तत्व ज्यादा मिल जाते हैं। ऐसे में RO मशीन को पानी साफ करने के लिए पहले से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। अगर फिल्टर पहले से पुराना है तो जल्दी चोक हो सकता है और इसका असर सीधे पानी के स्वाद पर दिखने लगता है।

सबसे पहले पानी की स्मेल चेक करें

एक साफ गिलास में RO का पानी भरकर उसे सूंघें। अगर आपको मिट्टी जैसी, सीलन जैसी या अजीब स्मेल महसूस हो रही है तो यह संकेत हो सकता है कि फिल्टर ठीक से काम नहीं कर रहा है। अगर पानी में बिल्कुल भी स्मेल नहीं है, तो अगला टेस्ट करें।

पानी भरने की स्पीड पर ध्यान दें

ध्यान से देखें कि RO टैंक पहले जितनी जल्दी भर रहा है या नहीं। अगर पहले 30-40 मिनट में टैंक भर जाता था और अब काफी ज्यादा समय लग रहा है, तो फिल्टर या मेम्ब्रेन पर गंदगी जमा हो सकती है।

पानी का स्वाद पहले जैसा है या नहीं?

अगर पानी का स्वाद हल्का कड़वा, फीका या नमकीन लगने लगा है, तो ये भी फिल्टर की खराब हालत का संकेत हो सकता है। हर बार स्वाद बदलने का मतलब फिल्टर खराब होना नहीं होता, लेकिन लगातार ऐसा हो रहा है तो जांच जरूरी है।

वेस्ट वाटर अचानक बहुत ज्यादा आने लगा?

RO मशीन से कुछ पानी बाहर निकलना सामान्य बात है, लेकिन अगर पहले के मुकाबले काफी ज्यादा पानी वेस्ट हो रहा है और पीने का पानी कम निकल रहा है, तो फिल्टर या मेम्ब्रेन में रुकावट हो सकती है।

फिल्टर की तारीख जरूर देखें

बहुत से लोग फिल्टर बदलने की तारीख भूल जाते हैं। अगर फिल्टर को बदले 8 से 12 महीने या उससे ज्यादा हो चुके हैं, तो बारिश के मौसम में उसकी क्षमता कम हो सकती है। ऐसे में सर्विस करवाना बेहतर रहेगा।

घर पर करें यह आसान टेस्ट

अगर आपकी RO मशीन का प्री-फिल्टर टांसपरेंट यानी पारदर्शी है, तो उसे ध्यान से देखें। अगर अंदर ज्यादा गंदगी, मिट्टी या भूरा रंग दिखाई दे रहा है, तो समझिए फिल्टर पर काफी दबाव पड़ चुका है।

कब तुरंत सर्विस करानी चाहिए?

  • पानी का स्वाद अचानक बदल जाए।
  • बदबू आने लगे।
  • टैंक भरने में ज्यादा समय लगे।
  • पानी का फ्लो कम हो जाए।
  • वेस्ट वाटर बहुत बढ़ जाए।

बारिश के मौसम में RO सुरक्षित कैसे रखें?

  • समय पर फिल्टर बदलवाएं।
  • मशीन के आसपास सफाई रखें।
  • लंबे समय तक मशीन बंद न रखें।
  • सर्विस की तारीख नोट करके रखें।
  • अगर पानी का स्वाद बदले तो तुरंत चेक करें।

RO से जुड़े FAQs

1. क्या बारिश में RO के पानी का स्वाद बदल सकता है?

हां, बारिश के दौरान पानी की गुणवत्ता बदलने से स्वाद में फर्क महसूस हो सकता है।

2. फिल्टर चोक होने का सबसे आसान संकेत क्या है?

पानी का फ्लो कम होना और टैंक भरने में ज्यादा समय लगना।

3. RO फिल्टर कितने समय में बदलना चाहिए?

यह पानी की क्वॉलिटी और इस्तेमाल पर निर्भर करता है, लेकिन आमतौर पर 8-12 महीने में चेक करवाना अच्छा माना जाता है।

4. क्या सिर्फ स्वाद बदलने से फिल्टर खराब माना जाएगा?

जरूरी नहीं। स्वाद के साथ फ्लो, स्मेल और टैंक भरने की स्पीड भी देखें।