Ranchi News: न्यू मार्केट को मिलेगा नया स्वरूप, दुकानदारों के साथ नगर आयुक्त ने की बैठक

Published on 11 अग॰ 2026

Ranchi: मंगलवार को रांची नगर निगम आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में न्यू मार्केट के दुकानदारों के साथ निगम सभागार में बैठक हुई. बैठक में नगर निगम और आरआरडीए के अधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि न्यू मार्केट इलाके में फिलहाल करीब 262 दुकानें चल रही हैं. बाजार की मौजूदा इमारत और सुविधाएं काफी पुरानी हो चुकी हैं. ऐसे में इस क्षेत्र को बेहतर तरीके से विकसित करने की जरूरत महसूस की जा रही है.

प्रस्तावित योजना के तहत यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस मल्टी लेवल भवन, बेहतर दुकानें और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित करने पर विचार किया जा रहा है. इसका मकसद सिर्फ पुरानी इमारत को हटाना नहीं, बल्कि पूरे बाजार को आधुनिक और नागरिकों के लिए सुविधा उपलब्ध कराना है.

इसे भी पढ़ें:

JPSC-JSSC Protest : विधानसभा घेराव से लौटते समय पुलिस-छात्रों के बीच नोकझोंक, लाठी चार्ज, कई घायल
RAF की दो कंपनियां रांची पहुंच गयी, लेकिन तैनाती के ऑर्डर नहीं मिले

दुकानदारों से मांगे गए पुराने दस्तावेज

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने दुकानदारों से उनकी दुकानों से जुड़ी जरूरी जानकारी भी ली. इसमें दुकान के आवंटन की अवधि, पुराने आवंटन से जुड़े कागजात और अन्य वैधानिक दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी गई. नगर आयुक्त ने दुकानदारों से कहा कि जिन लोगों के पास पुराने आवंटन से संबंधित मूल और वैध दस्तावेज हैं, वे उन्हें सुरक्षित रखें, जरूरत पड़ने पर निगम या संबंधित प्राधिकरण को ये दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे.

नई दुकानों के आवंटन में पुराने दस्तावेज अहम

नगर आयुक्त ने साफ किया कि पुनर्विकास के बाद दुकानों का आवंटन नए नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा. दुकानों की संख्या, आकार, श्रेणी, दर और आवंटन की शर्तों को लेकर आगे नियमानुसार फैसला लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिन मौजूदा दुकानदारों के पास पुराने आवंटन के मूल और वैध कागजात होंगे और जो निर्धारित मानकों पर खरे उतरेंगे, उन्हें नई आवंटन प्रक्रिया में प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा.

आम लोगों को भी होगा फायदा

नगर आयुक्त ने कहा कि न्यू मार्केट जैसे पुराने और महत्वपूर्ण बाजार को आधुनिक बनाना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है. बाजार के पुनर्विकास से दुकानदारों को बेहतर कारोबारी माहौल मिलेगा, वहीं आम लोगों को भी बेहतर आवागमन, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी. इस मौके पर आरआरडीए के सचिव उदय कुमार, भू-संपदा पदाधिकारी पुष्पक रजक, सहायक नगर आयुक्त राहुल कुमार समेत रांची नगर निगम और आरआरडीए के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें