Rakshabandhan Gift UP: रक्षाबंधन पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा; बहनों के साथ एक सहयोगी का भी बस सफर रहेगा बिल्कुल फ्री - Haribhoomi

Published on 23 अग॰ 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक यूपी रोडवेज (UPSRTC) की बसों में महिलाएं अपने एक सहयोगी के साथ बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

up rakshabandhan free bus travel

यह छूट 27 अगस्त की रात 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की रात 12 बजे तक यानी पूरे 24 घंटे के लिए लागू रहेगी।

  • Published: 23 Aug 2026, 07:46 AM IST
  • Last Updated: 23 Aug 2026, 09:03 AM IST

रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की माताओं, बहनों और बेटियों के सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा की घोषणा की।

इस बार व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक बनाते हुए महिला यात्रियों के साथ सफर करने वाले एक सहयोगी को भी पूरी तरह नि:शुल्क यात्रा का लाभ दिया गया है।

​27 से 28 अगस्त तक लागू रहेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा 
सरकारी आदेश के मुताबिक, यह विशेष छूट 27 अगस्त की रात 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की रात 12 बजे तक यानी पूरे 24 घंटे के लिए लागू रहेगी। प्रदेश के सभी जनपदों और ग्रामीण इलाकों में त्योहार के दौरान अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि बहनों को अपने भाइयों के घर आने-जाने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। परिवहन विभाग को सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और अतिरिक्त काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

​नशेड़ी चालकों पर पूर्ण प्रतिबंध और चालकों का सत्यापन 
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में कोई भी चालक वाहन न चलाए, इसके लिए बस अड्डों पर ब्रेथ एनालाइजर से नियमित जांच की जाए। इसके साथ ही रोडवेज के साथ-साथ निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सघन पुलिस सत्यापन कराया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

​महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड रहेगा सक्रिय 
त्योहार के दौरान सड़कों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और व्यस्त मार्गों पर एंटी रोमियो स्क्वाड की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि बहनों और बेटियों का सफर हर हाल में सुरक्षित, सम्मानजनक और निर्बाध रहे।