वाराणसी से फरीदाबाद लौट रहे युवक की फर्रुखाबाद में हत्या : पत्नी और बेटे के सामने मारीं गोलियां, पानी की बोतल खरीदते समय वारदात  - Haribhoomi

Published on 27 जुल॰ 2026

वाराणसी से फरीदाबाद लौट रहे युवक की फर्रुखाबाद में हत्या : पत्नी और बेटे के सामने मारीं गोलियां, पानी की बोतल खरीदते समय वारदात 

पांचाल घाट पर किराना दुकान के पास कार रोककर परिवार के लिए कोल्ड ड्रिंक व चिप्स खरीदते समया अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं ।

Farrukhabad Murder

पति की हत्या के बाद विलाप करती महिला व जांच के लिए पहुंची पुलिस।

  • Published: 27 Jul 2026, 07:05 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 07:05 PM IST

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां फरीदाबाद के एक युवक की उसकी पत्नी और मासूम बच्चे के सामने गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान फरीदाबाद के दयालपुर निवासी 32 वर्षीय अरुण हुड्‌डा के रूप में हुई है। अरुण अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर कार से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह खौफनाक हादसा हो गया।

किराना दुकान पर रुकी थी कार
24 जुलाई को दर्शन के लिए निकले अरुण रविवार रात को गंगा एक्सप्रेस-वे के कट से उतरकर फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पहुंचे। वहां उन्होंने एक ढाबे के पास किराना दुकान पर अपनी कार रोकी और परिवार के लिए कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल खरीदी। अरुण ने जैसे ही कोल्ड ड्रिंक की बोतल खोलकर उसमें नमक मिलाया और पत्नी की तरफ बढ़ाया, तभी मौत बनकर आए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। 

सफेद कार से आए बदमाशों ने दागीं गोलियां 
एक सफेद रंग की कार में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने अरुण पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अरुण को दो गोलियां लगीं और वे लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े। पत्नी और बच्चे की चीख-पुकार के बीच आरोपी मौके से फरार हो गए। अरुण की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस जांच और सीसीटीवी से सुराग
घटना की सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस, सीओ सिटी अभय वर्मा और अपर एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को लोहिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। मामले पर एसपी आरती सिंह ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिनसे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगा दी गई हैं।