जयपुर में पार्टी-खर्च विवाद पर किया था दोस्त का मर्डर: पाप धोने के लिए खाटूश्यामजी के किए दर्शन; यू-ट्यूब पर देखे पुलिस से बचने के तरीके - Jaipur News

Published on 27 जुल॰ 2026

जयपुर में तीन दिन पहले एक युवक की हत्या उसके दोस्त ने पार्टी के खर्चे के लिए कर दी थी। वहीं वारदात के बाद आरोपी ने यू-ट्यूब पर पुलिस से बचने के तरीके देखे। साथ ही पाप धोने के लिए सीकर के खाटूश्यामजी में दर्शन भी किए।

.

बिंदायका थाना क्षेत्र में श्री होटल में 25 जुलाई को दिनेश उर्फ दंशी बंजारा (21) निवासी टोडाभीम की लाश मिली थी। बिंदायका थाना पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा किया।

DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- हत्या मामले में आरोपी संजय कुमार कासोटिया (19) निवासी मीरा नगर बिंदायका और नितेश गवारिया (21) निवासी सिवार मोड़ बिंदायका को गिरफ्तार किया है। होटल में दिनेश के साथ संजय और नितेश के साथ होटल में 24 जुलाई को रुके हुए थे। पार्टी में हुए खर्च को लेकर झगड़ा होने पर दोनों दोस्तों ने गला घोंटकर उसकी हत्या की थी।

मृतक के मोबाइल सिम रेलवे स्टेशन पर फेंकी, ट्रेन-बस से करते रहे सफर

DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- पुलिस टीम ने 300 से अधिक CCTV फुटेजों के आधार पर ट्रेस कर दोनों आरोपियों को दौसा से दबोचा। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने मोबाइल को फ्लाइट मोड पर डाल दिया था। दिनेश के मोबाइल की सिमकार्ड को जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर तोड़ दिया था। पुलिस से बचने के लिए ट्रेन-बस से अलग-अलग जगहों पर ट्रेवल कर रहे थे। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

हत्या कर कमरे में लाश छोड़कर भागे

पुलिस जांच में सामने आया कि दिनेश और नितेश आपस में दोस्त थे। दिनेश ने पैसों की जरूरत के चलते नितेश से मदद मांगी। नितेश ने लोन दिलाने का काम करने वाले अपने दोस्त संजय कासोलिया के बारे में बताया। श्री होटल में 24 जुलाई को सुबह करीब 11:15 बजे तीनों मिलने के बाद कमरा लेकर रुके। शराब पार्टी के बाद शाम को खर्चे की बात को लेकर तीनों में झगड़ा हो गया। हाथापाई होने पर संजय और नितेश ने मिलकर बेड पर पड़े दुपट्टे से दिनेश का गला घोंटकर मार डाला। हत्या के बाद कमरे में लाश को छोड़कर दोनों चुपचाप वहां से निकल गए।

भगवान से मांफी मांगने गए, पुलिस से बचने के 50 वीडियो देखे

दोस्त दिनेश की हत्या के बाद दोनों फरारी काटने दौसा जा पहुंचे। दौसा के एक होटल में रुककर वाई-फाई जोड़कर दोनों ने यू-ट्यूब पर हत्या के बाद बचने के तरीके देखे। हत्या के बाद पुलिस कैसे पकड़ती है, कितने दिनों में लाश की स्थिति बदलती है। हत्या में क्या-क्या सजा मिल सकती है। पुलिस से बचने के लिए क्या किया जा सकता है। यू-ट्यूब पर दोनों आरोपियों ने 50 से अधिक वीडियो देखे। दोस्त की हत्या को लेकर खुद से घृणा होने पर पाप धोने के लिए सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर गए। दर्शन कर अपने पाप की मांफी मांगने के बाद वापस दौसा पहुंच गए। पुलिस से बचने के लिए दोनों आरोपी गुजरात भागने की फिराक में थे।

यह खबर भी पढ़ें...

जयपुर के होटल में मिली युवक की लाश:किराए पर रूम लेकर ठहरे थे तीन दोस्त, दो फरार, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

जयपुर के एक होटल में एक युवक की लाश मिली। वह किराए पर रूम लेकर अपने दो दोस्तों के साथ ठहरा था। (पूरी खबर पढ़ें)