चलती ट्रेन से उतरना पड़ा भारी: शहडोल स्टेशन पर उतरते वक्त महिला का पैर कटा, महिला आरक्षक ने की बचाने की कोशिश
विज्ञापन
सार
Shahdol Railway Station : शहडोल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के दौरान महिला हादसे का CCTV वीडियो सामने आया। महिला आरक्षी आभा तिवारी ने बचाने की कोशिश की, लेकिन महिला का एक पैर कट गया।

घायल महिला (फोटो सोर्स- नवभारत)
विस्तार
Shahdol Train Accident Video: शहडोल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक महिला यात्री बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस से उतरने का प्रयास करते हुए संतुलन खो बैठती है और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरती है। हादसे में महिला का एक पैर कट गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक आभा तिवारी ने बिना अपनी जान की परवाह किए महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा शहडोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुआ। गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान स्लीपर कोच एस-2 में सवार एक महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने लगी। उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिर गई।
महिला आरक्षक ने दिखाई बहादुरी
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में प्लेटफॉर्म पर तैनात महिला आरक्षक आभा तिवारी तुरंत दौड़कर महिला को बचाने का प्रयास करती नजर आती हैं। उन्होंने महिला के कपड़े पकड़कर उसे सुरक्षित बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसका एक पैर कट गया। महिला आरक्षक की तत्परता और साहस की लोग सराहना कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
आरपीएफ जवानों ने ऑटो से पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में आरपीएफ के जवानों ने घायल महिला को स्ट्रेचर पर उठाकर ऑटो के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।
ये भी पढ़ें : महाकाल क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट, उज्जैन पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक का निकाला जुलूस
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कुछ सेकंड की जल्दबाजी जिंदगीभर की पीड़ा का कारण बन सकती है। प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
