उज्जैन में नाबालिग को झांसे में लेकर की थी हैवानियत, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
विज्ञापन
सार
POCSO Case Accused Held: उज्जैन पुलिस ने नाबालिग बालिका से अनैतिक कार्य करने वाले आरोपी हीरालाल को धुरेरी ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर बड़नगर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया(फोटो सोर्स:नवभारत)
विस्तार
Ujjain Crime News: उज्जैन जिले की इंगोरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बड़नगर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला 11 जुलाई 2026 का है। पीड़ित पिता ने थाना इंगोरिया में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर बालिका की तलाश और विवेचना शुरू की।
बदनावर से बालिका सकुशल दस्तयाब, दर्ज हुए कथन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान 13 जुलाई 2026 को अपहृत नाबालिग बालिका को ग्राम पंडकपाड़ा (थाना बदनावर) से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने बालिका के कथन दर्ज किए, जिसमें उसने बताया कि सरसाना निवासी हीरालाल उसे बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका के बयानों के आधार पर पुलिस ने दर्ज मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं का इजाफा किया और आरोपी की धरपकड़ तेज कर दी।
सम्बंधित ख़बरें
यह भी पढ़ें: पन्ना जिले को CM मोहन यादव देंगे बड़ा तोहफा; 204 करोड़ की 22 विकास परियोजनाओं की सौगात
धुरेरी ब्रिज के पास से दबोचा गया आरोपी
थाना प्रभारी इंगोरिया दीपेश व्यास के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। 22 जुलाई 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी धुरेरी ब्रिज के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी हीरालाल निनामा (पिता अशोक निनामा, निवासी पंडकपाड़ा भैरूपाड़ा, थाना बदनावर) को गिरफ्तार कर लिया।कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी हीरालाल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 23 जुलाई को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय बड़नगर में पेश किया। इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपेश व्यास, उपनिरीक्षक नानकराम पटेल, प्रधान आरक्षक रामलखन पटेल, दिलीप सिंह राणा, मनीष कुमार शाक्य तथा आरक्षक संदीप बामनिया व दीपक सोलंकी की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।
