'सर हमारे साथ गलत हरकत...', मोगा में छात्राओं ने हेडमास्टर पर लगाए गंभीर आरोप, स्कूल के बाहर हंगामा

Published on 23 जुल॰ 2026

'सर हमारे साथ गलत हरकत...', मोगा में छात्राओं ने हेडमास्टर पर लगाए गंभीर आरोप, स्कूल के बाहर हंगामा

स्कूल के बाहर लोगों ने जमकर हंगामा किया.

Moga News: पंजाब के मोगा जिले के मोठांवाली गांव स्थित सरकारी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब 7वीं और 8वीं कक्षा की कई छात्राओं ने अपने ही हेडमास्टर पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए. घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के लिए हेडमास्टर परमजीत सिंह को अपने साथ थाने ले गई. वहीं शिक्षा विभाग ने भी मामले की जांच के आदेश देते हुए एक अधिकारी को मौके पर भेजा.

छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप

बताया जा रहा कि स्कूल की करीब 10 से 15 छात्राओं ने आरोप लगाया कि हेडमास्टर परमजीत सिंह उनके साथ अनुचित और अश्लील व्यवहार करते थे. छात्राओं का कहना है कि काफी समय से वे इस व्यवहार से परेशान थीं. आखिरकार उन्होंने घर जाकर पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद मामला सामने आया.

ये भी पढ़ें- पंजाब के सरकारी स्कूलों में दी जाएगी AI शिक्षा, पहली कक्षा से 12वीं तक मुख्य विषय में शामिल

अभिभावकों ने पुलिस से की शिकायत

छात्राओं के परिजनों का कहना है कि बच्चों ने एक दिन पहले घर पहुंचकर पूरी घटना बताई थी. इसके बाद वे अगले दिन स्कूल पहुंचे और अन्य अभिभावकों के साथ मिलकर विरोध जताया. अभिभावकों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

हेडमास्टर ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, आरोपों का सामना कर रहे हेडमास्टर परमजीत सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उनका कहना है कि उन्होंने कभी किसी छात्रा के साथ गलत व्यवहार नहीं किया. उन्होंने कहा कि वे केवल विद्यार्थियों को स्कूल फीस और बस शुल्क जमा कराने के लिए कहते थे, लेकिन छेड़छाड़ जैसे आरोप पूरी तरह निराधार हैं. उनका कहना है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी.

शिक्षा विभाग ने भी शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय की ओर से विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. जांच के लिए विभाग के अधिकारी और हेडमास्टर किकर सिंह को स्कूल भेजा गया. उन्होंने छात्राओं और उनके अभिभावकों से बातचीत कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई.

किकर सिंह ने बताया कि छात्राओं ने उनके सामने भी अनुचित व्यवहार के आरोप दोहराए हैं और अभिभावकों ने भी यही बातें बताई हैं. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्ट- मुनीश जिंदल/मोगा)

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More

google button