यूक्रेन: राजधानी कीव पर ताज़ा रूसी हमले की कड़ी निन्दा

Published on 20 जुल॰ 2026

यूक्रेन: राजधानी कीव पर ताज़ा रूसी हमले की कड़ी निन्दा

20 जुलाई 2026 शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर हुए ताज़ा रूसी हमले की निन्दा की है. हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई और 12 लोग घायल हुए.

यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय समन्वयक मैथियास श्माले ने रविवार को बताया कि रात में हुए इस बड़े हमले में घरों, दुकानों और एक मेट्रो स्टेशन को भी नुक़सान पहुँचा.

यह हमला ओडेसा क्षेत्र में हुए एक घातक हमले के अगले ही दिन हुआ. उस हमले में एक मनोरंजन पार्क में बच्चों समेत कई लोग मारे गए और घायल हुए थे.

भयावह क्षति

मैथियास श्माले ने सोशल मीडिया मंच X पर जारी एक वक्तव्य में कहा, “देशभर में आम नागरिकों पर इन हमलों का बढ़ता असर बेहद विनाशकारी है. अग्रिम मोर्चे से दूर स्थित शहर भी इनकी चपेट में आ रहे हैं.”

उन्होंने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढाँचे को संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “आम नागरिकों, उनके घरों व जीवनरक्षक मानवीय सहायता को कभी भी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.”

संयुक्त राष्ट्र मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) ने बताया कि हमले के बाद राहतकर्मियों ने प्रभावित लोगों को भोजन, आश्रय सामग्री और मनोसामाजिक व क़ानूनी सहायता प्रदान की. हमले में घरों को नुक़सान पहुँचा और लोगों की आजीविका तबाह हो गई.

महिलाओं पर असमान बोझ

यूएन महिला संस्था (UN Women) ने X पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें लुकियानिव्स्का ज़िले के एक खुले बाज़ार के मलबे के बीच कई लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं. यह इलाक़ा हमले से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है.

यूएन एजेंसी ने बताया कि बाज़ार की महिला विक्रेता हमले में सुरक्षित बच गईं. यूक्रेनी अधिकारियों ने इसे कीव और आसपास के क्षेत्र पर रूस के सबसे बड़े और भीषण हमलों में से एक बताया है. उनके अनुसार, रात में केवल 40 मिनट के भीतर 41 मिसाइलें दागी गईं.

हवाई हमला समाप्त होते ही महिला विक्रेता काम पर लौट आईं. UN Women ने कहा कि उनका दृढ़ संकल्प यूक्रेनी महिलाओं के असाधारण जज़्बे और सहनक्षमता को दर्शाता है. साथ ही, यह याद दिलाता है कि महिलाएँ इस युद्ध का असमान रूप से अधिक बोझ उठा रही हैं.

UN Women के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से मई के बीच महिलाओं और लड़कियों में नागरिक हताहतों की संख्या, 2025 की इसी अवधि की तुलना में अनुमानतः 34 प्रतिशत बढ़ी है. यूएन एजेंसी ने कहा कि यह बढ़ोत्तरी महिलाओं पर युद्ध के विनाशकारी असर को दर्शाती है. एजेंसी ने हिंसा समाप्त करने और महिलाओं व लड़कियों की ज़रूरतों के अनुरूप मानवीय सहायता व पुनर्बहाली प्रयास सुनिश्चित करने पर बल दिया.

WHO का गोदाम क्षतिग्रस्त

कीव क्षेत्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला एक गोदाम भी हमले में क्षतिग्रस्त हो गया.

सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और गोदाम में कोई चिकित्सा सामग्री नहीं रखी गई थी. हालाँकि, WHO ने कहा कि “यह गोदाम उसके कामकाज के लिए महत्वपूर्ण था.” संस्था ने एक ट्वीट में कहा, “इस तरह के हमलों से स्वास्थ्य प्रणालियों को सहायता पहुँचाना और कठिन हो जाता है.”

♦ समाचार अपडेट रोज़ाना सीधे अपने इनबॉक्स में पाने के लिये यहाँ किसी विषय को सब्सक्राइब करें

♦ अपनी मोबाइल डिवाइस में यूएन समाचार का ऐप डाउनलोड करें – आईफ़ोन iOS या एण्ड्रॉयड