दरवाजा बंद, कमरे में खून के निशान और संदूक में लाश... इटावा में सिक्योरिटी गार्ड की हत्या से हड़कंप

Published on 25 अक्टू॰ 2026

Etawah News: उत्तर प्रदेश इटावा के सिविल लाइन इलाके की कांशीराम कॉलोनी में एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्या का मामला सामने आया है. टीवी अस्पताल के पास स्थित आवास में उसका शव संदूक के भीतर कपड़ों में लिपटा मिला. कई दिनों से बंद कमरे से आ रही दुर्गंध के बाद रविवार को पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घर का ताला खुलवाकर जांच की तो वारदात का पता चला. मृतक की 18 वर्षीय छोटी बेटी का भी कोई सुराग नहीं है. बड़ी बेटी ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी पर संदेह जताया है. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की पड़ताल के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं.

पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि घर का दरवाजा काफी समय से बंद था. पिछले दो दिनों से आसपास के लोगों को कमरे से दुर्गंध महसूस हो रही थी. रविवार को जब बदबू ज्यादा बढ़ गई तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे का ताला तुड़वाया. कमरे के अंदर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने अन्य स्थानों की जांच की. इसी दौरान संदूक के अंदर कपड़ों में लिपटा शव बरामद हुआ. पुलिस के शुरुआती आकलन के मुताबिक, शव तीन से चार दिन पुराना है और काफी हद तक गल चुका है. घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, ताकि मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिल सके.

पिता से संपर्क टूटने के बाद सामने आई घटना

मृतक की बड़ी बेटी काजल, जो औरैया थाना क्षेत्र के भीखनपुर में अपने पति अजय के साथ रहती है, ने बताया कि उसके पिता एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे. उसकी मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी. पिता अपनी छोटी बेटी के साथ कांशीराम कॉलोनी स्थित मकान में रहते थे. काजल के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले सुबह उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी. उस समय उसने उनका हालचाल पूछा था और घूमने जाने के बारे में भी बातचीत की थी. इसके बाद जब उसने दोबारा फोन मिलाया तो पिता का मोबाइल बंद मिला. छोटी बहन से भी संपर्क नहीं हो पा रहा था. रविवार को पिता की मौत की जानकारी मिली तो वह स्तब्ध रह गई.

छोटी बेटी की तलाश

काजल ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी पर पिता की हत्या में शामिल होने की आशंका जताई है. उसका कहना है कि छोटी बहन पिता के साथ रहती थी, लेकिन घटना की जानकारी मिलने के समय वह घर पर नहीं मिली. ऐसे में उसे दोनों पर संदेह है. हालांकि, यह अभी परिवार की ओर से जताई गई आशंका है. पुलिस ने उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है. जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिक्योरिटी गार्ड की मौत किन परिस्थितियों में हुई, घटना के समय घर में कौन मौजूद था और वारदात के बाद छोटी बेटी कहां गई. पुलिस पारिवारिक संबंधों, संभावित विवाद और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

तीन टीमें कर रहीं जांच

एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि पुलिस को एक आवास से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया गया तो कमरे में खून मिला. इसके बाद संदूक की जांच करने पर कपड़ों में लिपटा शव बरामद हुआ. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. उन्होंने बताया कि मृतक के साथ रहने वाली 18 वर्षीय बेटी लापता है. पुलिस इस तथ्य को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मामले के खुलासे और संबंधित लोगों की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उवैस चौधरी

उवैस चौधरी

उवैस चौधरी को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 13 से अधिक वर्षों का अनुभव है. नेशनल न्यूज चैनल GNN में बतौर स्ट्रिंगर जिला संवाददाता के रूप में उन्होंने करियर की शुरुआत की. उसके बाद APN News, Hindi Khabar, One India.com , Bhaskar.com , Navbharat.com , Republic Bharat Channel, India Daily Live जैसे संस्थानों में रहे. उनकी वीडियो कंटेंट और डिजिटल कंटेंट पर अच्छी पकड़ है. क्राइम और राजनीति की खबरों में दिलचस्पी अधिक हैं. करीब 7 वर्ष तक Bhaskar.com में काम करने के चलते डिजिटल खबरों की अच्छी जानकारी है. भास्कर में बतौर स्टाफ रिपोर्टर भी काम कर चुके हैं. घूमने का शौक रखते हैं. कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है.  वर्तमान में Tv9 डिजिटल में बतौर जिला संवाददाता के रूप कार्यरत हैं.

Read More

google button