मास्टर डाटा सत्यापन से लेकर पौधरोपण तक की हुई समीक्षा - Samastipur News

Published on 13 अक्टू॰ 2026

.

प्रखंड अतर्गत विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विभागीय कार्यों को समय पर पूरा करने और विद्यार्थियों से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवाजीनगर के सभागार में प्रधानाध्यापकों की बैठक हुई। इसमें प्रखंड के 125 मध्य विद्यालयों, उत्क्रमित मध्य विद्यालयों एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता बीईओ रामजन्म सिंह ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने किया। बैठक में विद्यालयों से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं विभागीय कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालयों के मास्टर डाटा के सत्यापन को प्रमुखता से उठाया गया। बीईओ ने विद्यालयों से संबंधित आंकड़ों एवं अभिलेखों की जांच कर आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय पोर्टल पर दर्ज जानकारी अद्यतन और सही रहनी चाहिए, ताकि विद्यालयों से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की निगरानी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। प्रधानाध्यापकों को मास्टर डाटा का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने तथा त्रुटियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही अप्रशिक्षित शिक्षकों से संबंधित प्रपत्रों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों को अद्यतन रखने को कहा गया।बैठक में सितंबर 2026 तक विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति से संबंधित आंकड़ों की ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन समीक्षा की गई। प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि उपस्थिति से संबंधित प्रविष्टियों का सत्यापन वास्तविक स्थिति के आधार पर करें। पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और विद्यालय के अभिलेखों में समानता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने पर भी बल दिया गया। विद्यालयों में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने विद्यालयों की आवश्यकताओं पर ध्यान देने और उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि विद्यार्थियों के बीच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नियमित रूप से आयरन टैबलेट का वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही दवा वितरण से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से संधारित करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम पर भी विशेष चर्चा हुई। बैठक में लगाए गए पौधों की जानकारी इको क्लब के माध्यम से संधारित करने पर जोर दिया गया। विद्यालयों को पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। बीईओ रामजन्म सिंह ने सभी प्रधानाध्यापकों को विभागीय दिशा-निर्देशों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।