पेवर ब्लॉक घोटाला: पंचनामा नहीं बनाया, दोषियों से माप कराई, बीएसपी की एनओसी भी नहीं - durg-bhilai News

Published on 8 अक्टू॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Durg bhilai
  • Panchnama Was Not Made, The Culprits Got The Measurement Done, There Was No NOC From BSP Either.

पेवर ब्लॉक घोटाला:पंचनामा नहीं बनाया, दोषियों से माप कराई, बीएसपी की एनओसी भी नहीं

भिलाई45 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

भिलाई नगर निगम में सामने आए पेवर ब्लॉक घोटाले की जांच रिपोर्ट पर भाजपा ने ही सवाल उठाए हैं। जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर आयुक्त और पुलिस को ज्ञापन देने के बाद भाजपा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर जांच समिति की कार्यप्रणाली पर 14 गंभीर सवाल खड़े किए।

भाजपा का कहना है कि जांच में कई ऐसे बिंदु हैं, जिनका भौतिक सत्यापन ही नहीं किया गया। ऐसे में सामने आई 16 लाख 85 हजार 457 रुपए की वित्तीय अनियमितता की राशि को अंतिम नहीं माना जा सकता। भाजपा नेताओं ने कहा कि जांच समिति ने स्थल निरीक्षण तो किया, लेकिन मौके का पंचनामा तक नहीं बनाया गया।

जबकि स्थल की वास्तविक स्थिति, पूर्व स्थिति और कराए गए काम की पुष्टि के लिए पंचनामा महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकता था। सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि जिन अधिकारियों की कार्यप्रणाली और निगरानी में काम हुए, उन्हीं अधिकारियों से जांच के दौरान माप क्यों कराया गया? बीएसपी क्षेत्र में करीब 22 करोड़ के काम के लिए जरूरी एनओसी ली गई?

मामले में भाजपा ने पूछे हैं ये 14 सवाल

1. स्थल निरीक्षण‎ के दौरान पंचनामा नहीं बनाया गया तो वास्तविक‎ और पूर्व स्थिति की पुष्टि कैसे हुई?‎

2. खुदाई,‎ फिलिंग और बेस कंक्रीट की मात्रा व गुणवत्ता‎ का भौतिक सत्यापन किस आधार पर किया‎ गया?‎

3. माप‎ पुस्तिका में दर्ज मात्रा और मौके पर हुए‎ वास्तविक काम का मिलान किया गया या नहीं?‎

4. बिल्डिंग एसओआर में 80 एमएम पेवर ब्लॉक का‎ प्रावधान नहीं है, फिर भुगतान किस आधार पर‎ हुआ?‎

5. स्वीकृत‎ स्थानों के बजाय दूसरी जगह पेवर ब्लॉक लगाने‎ की अनुमति किस नियम के तहत दी गई?‎

6. स्थलों पर‎ पहले कोई निर्माण या पेवर ब्लॉक का काम हुआ‎ था या नहीं, इसकी जांच क्यों नहीं की गई?‎

7. बीएसपी क्षेत्र में‎ करीब 22 करोड़ के काम के लिए जरूरी‎ एनओसी ली गई थी या नहीं?‎

8. बेस कंक्रीट‎ की वास्तविक मात्रा और गुणवत्ता का मौके पर‎ भौतिक सत्यापन क्यों नहीं किया गया?‎

9. स्वीकृत स्थल‎ बदलकर दूसरी जगह काम कराने में निर्धारित‎ प्रक्रिया का पालन किया गया या नहीं?‎

10. माप‎ पुस्तिका में स्पष्ट विवरण नहीं होने पर जांच‎ समिति ने स्थलों की पहचान किस आधार पर‎ की?‎

11. नॉन-एसओआर काम किस मंजूरी से हुआ:‎ एसओआर में शामिल नहीं सामग्री या काम कराने‎ की अनुमति किस आधार पर दी गई?‎

12. एक-दो मदों से पूरी गड़बड़ी कैसे आंकी: क्या‎ केवल एक-दो मदों की जांच से पूरी वित्तीय‎ अनियमितता का आकलन किया जा सकता है?‎

13. 16.85 लाख की राशि किस आधार पर: 16‎ लाख 85 हजार 457 रुपए की अनियमितता‎ किन दस्तावेजों और भौतिक सत्यापन से तय‎ हुई?‎

14. अधिकारियों से ही माप क्यों कराया: जिनकी‎ निगरानी में काम हुआ, उन्हीं अधिकारियों से माप‎ क्यों कराया गया? स्वतंत्र जांच क्यों नहीं हुई?‎

.