अच्छी स्टूडेंट और गजब की फाइटर...यामी गौतम के मुरीद हुए आनंद एल राय, 'नई नवेली' के बारे में क्या कुछ बताया?

Published on 7 अक्टू॰ 2026

Anand L Rai On Yami Gautam Movie Nayyi Navelli: फिल्ममेकर आनंद एल राय की फिल्मों का हमेशा एक अलग ही देसी अंदाज और अपना अनोखा चार्म होता है. छोटे शहरों की दिल छू लेने वाली कहानियों के बाद अब वे एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक अनूठी कहानी लेकर आ रहे हैं. इस बार कैनवस बड़ा है, किरदार बड़े हैं और मनोरंजन का डोज भी भरपूर है. अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर यलो प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘नई नवेली’ दशहरे से ठीक पहले देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. फैंटेसी, एक्शन, रहस्य, कॉमेडी और भरपूर पारिवारिक ड्रामे वाली इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं बॉलीवुड की उम्दा अदाकारा यामी गौतम धर. हाल ही में फिल्म के प्रोड्यूसर आनंद एल राय ने फिल्म के महिला किरदारों और यामी गौतम के डेडिकेशन को लेकर दिल खोलकर बात की.

फिल्म में यामी गौतम के काम और उनके जुझारू अंदाज की तारीफ करते हुए आनंद एल राय ने कहा, “मैं यामी से कह रहा था कि तुम इतनी अच्छी स्टूडेंट हो और इतनी बड़ी फाइटर हो कि मुझे लगता है तुमसे बहुत कुछ सीखा जा सकता है. ये सिर्फ एक कल्पना से गढ़े गए किरदार नहीं हैं, बल्कि ये उन मजबूत महिलाओं से प्रेरित हैं जिन्हें हम रोज अपने इर्द-गिर्द देखते हैं और जिनकी ताकत व सादगी को महसूस करते हैं.”

असल जिंदगी की महिलाओं का आभार है यह फिल्म

फिल्म की मजबूत महिला किरदारों पर बात करते हुए आनंद एल राय ने अपनी निजी जिंदगी के पन्ने भी खोले. उन्होंने बताया, “इस फिल्म की प्रेरणा उनके अपने घर से आई है. आनंद एल राय ने कहा कि हमने जो भी किरदार बनाए हैं, वे हमारे आसपास के असल लोगों से प्रेरित हैं. चाहे मैं अपनी मां की बात करूं, अपनी पत्नी की, या फिर हिमांशु शर्मा (राइटर) की मां की, हम सब अपने परिवारों में बेहद स्ट्रॉन्ग और स्वाभिमानी महिलाओं को देखते हुए बड़े हुए हैं. ये वही महिलाएं हैं, जिन्होंने पूरे परिवार को एक सूत्र में पिरोया, हमें ताकत दी और हमारे व्यक्तित्व को गढ़ा. उनका प्रभाव हमेशा हमारे साथ रहा है और यही असर ‘नई नवेली’ में भी साफ झलकता है. यह फिल्म एक तरह से हमारे आसपास की हर मजबूत महिला के लिए एक प्यारा सा ट्रिब्यूट है.”

ये भी पढ़ें-

अब KING में शाहरुख खान से भिड़ेंगे विलेन बने अभिषेक बच्चन, सुपरस्टार को बताया बड़ा भाई, किस जिम्मेदारी की कही बात?

बॉबी देओल की बढ़ी टेंशन! आश्रम 4 की शूटिंग पर लगा ब्रेक, क्यों लोकेशन बदलने पर मजबूर हुए मेकर्स?

यामी के साथ फिल्म में कौन-कौन से सितारे

बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी और हिमांशु शर्मा व दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखी गई ‘नई नवेली’ एक क्रेजी और मजेदार परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां अचानक कुछ अजीब और जादुई घटनाएं घटने लगती हैं. फिल्म में यामी गौतम के अलावा आदिनाथ एम कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता रजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुष्मिता मुखर्जी, प्रतीक पचौरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे, अजय पाल और नीरज सिंह जैसे मंझे हुए कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे. फिल्म में संगीत दिया है जाने-माने संगीतकार जी. वी. प्रकाश कुमार ने. त्योहारों के इस सीजन में फैंटेसी, मिस्ट्री और फैमिली फन का यह अनोखा संगम 16 अक्टूबर से दर्शकों को सिनेमाघरों में सीट से बांधने का पूरा वादा करता है.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button