
कांस्टेबल अंकित कसाना से मारपीट की गई.
Delhi News: दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान कांस्टेबल अंकित कसाना के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई. कांस्टेबल का दावा है कि भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की के साथ मारपीट की. इस दौरान उनकी उंगली पर काटने और चेहरे व शरीर पर नाखून से खरोंच आने की बात कही गई है. घटना के बाद घायल कांस्टेबल को नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों ने संभाला और इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा.
40-50 प्रदर्शनकारियों ने कांस्टेबल को घेरा
कांस्टेबल अंकित कसाना के मुताबिक, वह प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने की ड्यूटी पर तैनात थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान करीब 40 से 50 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. अंकित के मुताबिक, घटना के दौरान उनके शरीर पर खरोंच आई और उंगली पर काटने का निशान भी लगा.
ये भी पढ़ें- चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में बवाल, सड़क पर लेटी नजर आईं प्रियंका गांधी, कहा- हमें पुलिस ने गिराया
DCP ने संभाला, अपनी कार से भेजा अस्पताल
घटना के बाद घायल कांस्टेबल को DCP नई दिल्ली सचिन शर्मा और साथी पुलिसकर्मियों ने मौके पर संभाला. वीडियो में DCP को घायल और भावुक कांस्टेबल को शांत कराते और गले लगाते हुए देखा गया. इसके बाद उन्हें अपनी कार से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. कांस्टेबल ने अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वह घटना के बाद काफी डरे हुए हैं और उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा की भी चिंता है. उन्होंने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सरकार और दिल्ली पुलिस से ध्यान देने की अपील की.
पुलिस वीडियो की कर रही जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं. दिल्ली पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है. जांच के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने समेत BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी.
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान हुआ हंगामा
बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे कांग्रेस और विपक्षी नेताओं को पुलिस ने रोक दिया था. इसके बाद मौके पर प्रदर्शन और नारेबाजी हुई. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों और प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को बसों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया. प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी.

जितेन्द्र कुमार शर्मा
साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।
Read More