दिल्ली में तीन साल में सबसे प्रदूषित रहा अक्टूबर का पहला हफ्ता | IBC24

Published on 7 अक्टू॰ 2026

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) मॉनसून के वापस लौट जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से दिल्ली में पिछले तीन वर्षों का अक्टूबर का सबसे प्रदूषित पहला हफ्ता दर्ज किया गया, जहां औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 171 रहा।

'सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर' (सीआरईए) के सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि इस साल अक्टूबर के पहले सात दिनों का औसत एक्यूआई 171 रहा। यह 2023 के बाद सबसे अधिक है, उस समय यह आंकड़ा 176 दर्ज किया गया था।

इस वर्ष अक्टूबर में एक्यूआई पहली तारीख को 166, दो को 174, तीन को 171, चार को 187, पांच को 184, छह को 179 और बुधवार को 136 रहा, जिससे सात दिनों का औसत 171 दर्ज किया गया।

पिछले छह वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर के पहले सात दिनों का औसत एक्यूआई 2021 में 112, 2022 में 141, 2023 में 176, 2024 में 155, 2025 में 117 और इस वर्ष 171 रहा। इस छह साल की अवधि में, 2023 के बाद अक्टूबर 2026 का पहला हफ़्ता दूसरा सबसे ज़्यादा प्रदूषित हफ़्ता रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 136 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने पूर्वानुमान जताया है कि आठ से 10 अक्टूबर के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में ही रहने की संभावना है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को पराली जलाने की 70 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें पंजाब में 15, उत्तर प्रदेश में 11, राजस्थान में सात और मध्य प्रदेश में 37 घटनाएं शामिल हैं।

दूसरी ओर, राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था।

पालम में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक) रहा। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक) जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.5 डिग्री कम) दर्ज किया गया।

आयानगर में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से एक डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश