
ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा भी कुछ खिलाड़ियों को मौका मिलेगाImage Credit source: PTI
Team India ODI Squad Selection: भारतीय क्रिकेट टीम का बेहद व्यस्त कार्यक्रम शुरू हो चुका है. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज पूरी हो चुकी है, जबकि एशियन गेम्स का एक्शन भी पूरा हो चुका है और फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज जारी है. मगर सबसे कड़ा इम्तेहान न्यूजीलैंड में होना है, जिसकी शुरुआत अक्टूबर के अंत में टी20 सीरीज से होगी. इस दौरे पर वनडे सीरीज भी खेली जानी है, जिसके लिए 2 अलग-अलग स्क्वॉड चुने जाने की बात हो रही है और इसमें उन खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना है जो फिलहाल इंडिया ए के लिए खेल रहे हैं.
ODI सीरीज के लिए 2 स्क्वॉड
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉड का सेलेक्शन कुछ ही दिनों में होने वाला है. रिपोर्ट में बताया गया है कि वनडे सीरीज के लिए 2 स्क्वॉड चुने जा सकते हैं. इसमें एक मुख्य स्क्वॉड होगा, जिसमें कप्तान शुभमन गिल समेत वो खिलाड़ी भी होंगे जो टेस्ट टीम का हिस्सा हैं. ये स्क्वॉड 3 मैच खेलेगा. वहीं दूसरा स्क्वॉड सिर्फ 2 मैच के लिए होगा, जिसमें 5-6 खिलाड़ी होंगे, जो टेस्ट स्क्वॉड वालों की जगह लेंगे.
अब सवाल ये है कि दूसरे स्क्वॉड के लिए किन खिलाड़ियों को चुना जाएगा? अब विराट कोहली, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी तो सभी 5 मैच के लिए होंगे. इनका साथ देने के लिए उन खिलाड़ियों को चुना जा सकता है, जो फिलहाल इंडिया ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल रहे हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सेलेक्शन कमेटी की नजरें इस वनडे सीरीज पर ही है, जिसका एक मैच हो चुका है. यही वजह है कि वनडे सीरीज के लिए सेलेक्शन फिलहाल टाल दिया गया है.
गायकवाड़ के साथ इन्हें मिलेगा मौका?
अब अगर इंडिया ए के स्क्वॉड पर नजर डालें तो कुछ खिलाड़ियों का चयन पक्का है. इसमें टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और यश ठाकुर की जगह पक्की नजर आ रही है. गायकवाड़ जहां हाल ही में वनडे टीम का हिस्सा थे, तो वहीं यश ठाकुर को बीते हफ्तों में टी20 टीम में मौका दिया गया है और ऐसे में वनडे में भी मौका मिल सकता है. इनके अलावा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे का भी चुना जाना तय है, जो हार्दिक पंड्या की कमी पूरी कर सकते हैं. सूर्यांश को हार्दिक की चोट के बाद ही इंडिया ए में चुना गया था.
इनके अलावा जो खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से दावा पेश कर सकते हैं, उनमें रजत पाटीदार शामिल हैं, जिन्होंने पहले मैच में फिफ्टी जमाई थी. इनके अलावा साई सुदर्शन और प्रभसिमरन सिंह भी जगह बना सकते हैं. प्रभसिमरन वहां ईशान किशन के बैकअप विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते हैं, जिनका चुना जाना तय है क्योंकि केएल राहुल उपलब्ध नहीं होंगे.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More