ओमान में बैन,फिर भी उड़ा रहा था प्लेन! सामने आया नाम, कैप्टन स्मित पर हमला करने वाले को-पायलट की पूरी कुंडली

Published on 3 अक्टू॰ 2026

ओमान में बैन,फिर भी उड़ा रहा था प्लेन! सामने आया नाम, कैप्टन स्मित पर हमला करने वाले को-पायलट की पूरी कुंडली

Time Published: Saturday, October 3, 2026, 8:44 [IST]

Omani Co-Pilot Hamam Al-Hammami Flydubai: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुए सनसनीखेज वाकये के तीन दिन बाद आरोपी को-पायलट का नाम और पूरा बैकग्राउंड सामने आ चुका है। हवा में 170 से ज्यादा यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले इस शख्स की पहचान हमाम अल-हम्मामी (Hamam Al-Hammami) के रूप में हुई है। वह ओमानी नागरिक है और पहले ओमान एयर में काम कर चुका है। अब उसकी पुरानी नौकरी, उड़ान पर लगी पाबंदी और ऑनलाइन गतिविधियां जांच के दायरे में हैं।

हमाम अल-हम्मामी ने न सिर्फ भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) पर चाकू से हमला किया, बल्कि बोइंग 737 मैक्स 8 विमान को तेजी से जमीन की तरफ ले जाकर क्रैश कराने की कोशिश भी की। गनीमत रही कि प्लेन में मौजूद यात्रियों, क्रू और ऑफ-ड्यूटी रिजर्व पायलट ने बहादुरी दिखाते हुए उसे समय रहते दबोच लिया। इसके बाद प्लेन की सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

Hamam Al-Hammami Flydubai

सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर हमाम अल-हम्मामी पुराने करियर को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं थीं, तो वह बाद में फ्लाईदुबई तक कैसे पहुंचा। इस सवाल का जवाब अभी जांच एजेंसियों के पास है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ओमान में हमाम विचारों को लेकर चिंता जताई गई थी और उसे उड़ान से रोक दिया गया था।

कौन है हमाम अल-हमामी? Who Is Hamam Al-Hammami

हमाम अल-हमामी को हालिया रिपोर्ट्स में ओमानी नागरिक और पूर्व ओमान एयर पायलट बताया गया है। उसके नाम से एक लिंक्डइन प्रोफाइल भी सामने आई थी। उसमें ओमान एयर में करीब सात साल काम करने की
जानकारी दर्ज थी। प्रोफाइल के मुताबिक उसने फरवरी 2025 में ओमान एयर छोड़ा था। इसके बाद जून 2025 में रॉयल एयर मैरोक से जुड़ा और जनवरी 2026 में वहां से अलग हो गया।

इस प्रोफाइल में फ्लाईदुबई का जिक्र नहीं था। बाद में यह प्रोफाइल डिलीट हो गई। CNN ने सोर्स के हवाले से जानकारी दी है कि प्रोफाइल को उसी व्यक्ति का बताया था। इन दावों की पूरी पुष्टि अभी जांच का हिस्सा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल-हमामी का जन्म संयुक्त अरब अमीरात में हुआ था। उसके पिता ओमान से और मां सीरिया से थीं। उसने ब्रिटेन की बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की थी।

वॉल स्ट्रीट जर्नल और एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हमाम अल-हम्मामी को उसके कट्टरपंथी विचारों और सुरक्षा जोखिम के चलते ओमान की नेशनल एयरलाइन (ओमान एयर) से हटा दिया गया था। ओमान सरकार ने उसके उड़ान भरने पर पाबंदी लगा दी थी।

हमाम पर जांच एजेंसियों को शक है कि सीरिया में रहने के दौरान वह चरमपंथी विचारधारा की चपेट में आया था। इसके बावजूद आठ महीने पहले फ्लाईदुबई ने उसे नौकरी पर रख लिया और यूएई-इजरायल जैसे बेहद संवेदनशील रूट पर तैनात कर दिया।

Hamam Al-Hammami Flydubai

सोशल मीडिया पोस्ट से सामने आया आतंकी कनेक्शन!

घटना के महज नौ घंटे बाद हमाम के लिंक्डइन और इंस्टाग्राम अकाउंट से दो पोस्ट किए गए। हालांकि, अब ये अकाउंट्स डिलीट किए जा चुके हैं। एक वीडियो में कॉकपिट के अंदर से इजराइली एयरलाइंस (El Al और Arkia) के जहाजों को जूम करके दिखाया गया था।

सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि वीडियो के आखिर में अल-कायदा सरगना अयमन अल-जवाहिरी और 2009 के सीआईए सुसाइड बॉम्बर हुमाम खलील अबू-मुलाल अल-बलवी की तस्वीरें लगाई गई थीं। दूसरी पोस्ट में मक्का, मदीना और जेरूसलम को जोड़ती एक एआई तस्वीर थी, जिसके बैकग्राउंड में मौत से न डरने और इज्जत के लिए लड़ने वाली शायरी चल रही थी।

Hamam Al-Hammami Flydubai

फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था?

30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 में कॉकपिट के भीतर दोनों पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई। सऊदी अधिकारियों की शुरुआती जांच में कहा गया कि कैप्टन पर को-पायलट ने हमला किया था और दोनों घायल हुए।

इजरायली अधिकारियों और अन्य रिपोर्ट्स के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया और विमान को नीचे ले जाने की कोशिश की। विमान तेजी से नीचे आया। घायल कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद यात्रियों और दूसरे क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप किया। विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई।

फ्लाईदुबई के सीईओ गैथ अल गैथ ने घटना को "कॉकपिट में हुआ सेफ्टी इंसिडेंट" बताया और कहा कि मामले की पूरी आधिकारिक जांच चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच को तथ्यों तक पहुंचने का मौका दिया जाना चाहिए।

हमाम को UAE क्यों भेजा गया?

तबूक में लैंडिंग के बाद सऊदी अधिकारियों ने को-पायलट को हिरासत में लिया। बाद में उसे संयुक्त अरब अमीरात भेज दिया गया। अब UAE इस पूरे मामले की जांच कर रहा है। इजरायली अधिकारी भी पूछताछ में शामिल हो सकते हैं।

जांच सिर्फ यह जानने तक सीमित नहीं है कि कॉकपिट में क्या हुआ। एजेंसियां आरोपी की पृष्ठभूमि, उसके कथित मकसद, पुराने रिकॉर्ड और ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि घटना पहले से प्लान की गई थी या अचानक हुई।

सबसे बड़ा सवाल क्या है?

इस पूरे मामले में अब तीन सवाल सबसे ज्यादा अहम हैं। पहला, ओमान में उड़ान से रोकने की असली वजह क्या थी। दूसरा, अगर सुरक्षा को लेकर पहले से कोई चिंता थी तो वह जानकारी फ्लाईदुबई तक पहुंची थी या नहीं। तीसरा, आखिर आरोपी को दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट के कॉकपिट में जिम्मेदारी कैसे मिली।