Actor Surendra Pal: मुंबई के यारी रोड इलाके में रीडेवलपमेंट को लेकर बिल्डर और सोसायटी के निवासियों के बीच विवाद अब गंभीर होता जा रहा है. ‘महाभारत’ और ‘रामायण’ जैसे पॉपुलर टीवी शोज का हिस्सा रहे अभिनेता सुरेंद्र पाल और पार्क व्यू सोसायटी के निवासियों ने एक निजी बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सोसायटी के लोगों का दावा है कि बिल्डर के लोग करीब 150 लोगों के साथ JCB और दूसरे उपकरण लेकर परिसर में पहुंचे. विरोध करने पर पत्थरबाजी और मारपीट की गई. इस घटना के बाद एक्टर सुरेंद्र पाल का कहना है कि अब उनका मन महाराष्ट्र में रहने का नहीं करता है. उन्होंने ये भी कहा कि उनके दोनों बेटे मुंबई में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे थे, इसलिए वो दोनों उन्हें अकेला छोड़कर गोवा चले गए.
इतना ही नहीं ये भी आरोप है कि सोसायटी की बैठक के दौरान दोबारा पहुंचे कुछ लोग कथित तौर पर कॉमन गेट उखाड़कर अपने साथ ले गए. निवासियों का आरोप है कि बिल्डर की तरफ से पहले भी सोसायटी की पार्किंग को नुकसान पहुंचाया गया था. इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की गई.
क्या है पूरा मामला?
मुंबई के यारी रोड स्थित पार्क व्यू सोसायटी और एक निजी डेवलपर के बीच रीडेवलपमेंट को लेकर विवाद सामने आया है. सोसायटी के निवासियों के मुताबिक बिल्डर ने करीब दो साल पहले वर्सोवा यारी रोड स्थित इनलैक्स बिल्डिंग को रीडेवलपमेंट के लिए लिया था. वहां भी कुछ निवासियों की ओर से रीडेवलपमेंट को लेकर सहमति नहीं थी. इनलैक्स बिल्डिंग के पास ही गुलमोहर और पार्क व्यू नाम की दो सोसायटियां हैं. करीब दो महीने पहले बिल्डर ने पार्क व्यू सोसायटी को भी रीडेवलपमेंट के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट यानी EOI भेजा था. हालांकि, सोसायटी के निवासियों ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई.
पार्क व्यू सोसाइटी (जिसमें सुरेंद्र पाल भी रहते हैं) के निवासियों के मुताबिक बुधवार 30 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे बिल्डर के लोग एक बार फिर JCB और अन्य निर्माण उपकरणों के साथ सोसायटी परिसर में पहुंचे. आरोप है कि उनके साथ मध्य प्रदेश, चंडीगढ़ और पंजाब से करीब 150 लोग भी आए थे. इन लोगों ने कथित तौर पर मानव शृंखला बनाकर JCB को सोसायटी के अंदर ले जाने की कोशिश की. निवासियों का यह भी आरोप है कि मौके पर पुरुष और महिला बाउंसरों को तैनात किया गया था. सोसायटी के लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया.
सोसायटी के लोगों ने मारपीट का आरोप लगाया
सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई. उसके बाद सोसायटी के अन्य निवासी भी बाहर आ गए और दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ. निवासियों का दावा है कि इस पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है. उन्होंने JCB को सोसायटी परिसर में ही रोककर रख लिया. उसके बाद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
निवासियों का आरोप है कि विवाद यहीं नहीं थमा. जब सोसायटी में बैठक चल रही थी, उसी दौरान बिल्डर के लोग कथित तौर पर दोबारा वहां पहुंचे और सोसायटी का कॉमन गेट तोड़कर उखाड़ दिया. आरोप है कि गेट को अपने साथ भी ले गए. इस घटना के बाद एक बार फिर सोसायटी के निवासियों और बिल्डर के लोगों के बीच टकराव हुआ.
इससे पहले भी अभिनेता सुरेंद्र पाल और सोसायटी के कुछ निवासियों ने बिल्डर पर रात करीब 2 बजे JCB से कॉमन एंट्रेंस गेट तोड़ने और परिसर में कथित तौर पर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया था. निवासियों के मुताबिक कॉमन एरिया में पिलर खड़े करने और खुदाई का काम शुरू किया गया था. विरोध के बाद उन्होंने कथित तौर पर लगाए गए पिलर भी हटा दिए थे. इस दौरान मारपीट और वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए थे.
ये भी पढ़ें-
कौन हैं मराठी एक्टर ललित प्रभाकर, जो राजकुमार राव की प्रहार में बने अजमल कसाब, टीवी से OTT तक जलवा
इस हफ्ते ओटीटी पर धमाल मचाएंगी साउथ की ये फिल्में और सीरीज
गोवा में किराए पर रह रहे सुरेंद्र पाल के दोनों बेटे
फिल्म अभिनेता सुरेंद्र पाल जिन्होंने ‘महाभारत’ सीरियल मैं द्रोणाचार्य की भूमिका निभाई थी, इस घटना से उनका परिवार बेहद डरा हुआ है. उनका कहना है कि उनके दोनों बेटे इस घटना के बाद गोवा चले गए हैं. वो गोवा में जाकर किराए के मकान में रहे हैं. जबकि वो भी अब मुंबई छोड़ने का मन बना चुके हैं. उन्होंने ये भी कहा कि अब उनका मन महाराष्ट्र में ही रहने का नहीं करता है. मुंबई में कानून व्यवस्था पर सुरेंद्र पाल सवाल उठा रहे हैं. उनका कहना है सोसायटी का रीडेवलपमेंट एक बात है, लेकिन आधी रात को 150 लोगों का बाउंसर और कुत्तों को लेकर किसी निजी सोसायटी मैं घुसना ये सरासर गलत है.
इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज हो चुकी है. दोनों तरफ के लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है. मामले की जांच चल रही है. बिल्डर ग्रुप ने पुलिस को बताया कि काम नियम से चल रहा. तीनों सोसायटी का एक कॉमन रोड होने से विवाद हो रहा है.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More