कारीगर निकला राज ज्वैलर्स के यहां चोरी का मास्टरमाइंड: पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, सोना बरामद, पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मेरठ लाई पुलिस - Meerut News

Published on 29 सित॰ 2026

कारीगर निकला राज ज्वैलर्स के यहां चोरी का मास्टरमाइंड:पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, सोना बरामद, पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मेरठ लाई पुलिस

मेरठ3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
राज ज्वैलर्स के यहां चोरी करने वाले दोनों कारीगर। - Dainik Bhaskar

राज ज्वैलर्स के यहां चोरी करने वाले दोनों कारीगर।

मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित राज ज्वैलर्स में हुई करीब 400 ग्राम सोने की चोरी का पुलिस ने सोमवार देर रात खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल के हुगली से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 382.100 ग्राम सोना बरामद हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वनाथ पाथर उर्फ छोटो पुत्र पिरु पाथर और साहिल मंडल पुत्र ताजन अली मंडल, निवासी ग्राम कोलाबुकुर, थाना ताइकेश्वर, जनपद हुगली, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।

सदर बाजार पुलिस द्वारा दबोचे गए दोनों आरोपी।

सदर बाजार पुलिस द्वारा दबोचे गए दोनों आरोपी।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि विश्वनाथ पाथर पहले राज ज्वैलर्स वाले कॉम्पलेक्स में ही हैदर की दुकान पर सराफा कारीगर था। इसी दौरान उसने राज ज्वैलर्स की दुकान की लोकेशन और वहां की व्यवस्था को करीब से देख लिया था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसके मन में सोना चोरी करने का लालच आया और उसने वारदात की योजना बनाई।

छुट्टी लेकर गया बंगाल, वहीं साथी से बनाई साजिश एसपी सिटी के अनुसार, 19 सितंबर को विश्वनाथ छुट्टी लेकर मेरठ से पश्चिम बंगाल अपने घर चला गया। वहां उसने हैदराबाद में काम कर रहे अपने साथी साहिल मंडल से संपर्क किया। दोनों ने राज ज्वैलर्स में चोरी की पूरी योजना तैयार की। इसके बाद 24 सितंबर को दोनों दिल्ली पहुंचे।

देर रात ही पुलिस दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल से लेकर लौटी।

देर रात ही पुलिस दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल से लेकर लौटी।

वारदात वाली रात लौटे मेरठ 25 सितंबर की रात दोनों मेरठ आए। उनके पास शटर के ताले और सरिया काटने के औजार थे। रात में राज ज्वैलर्स को निशाना बनाया गया। साहिल दुकान के अंदर दाखिल हुआ और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को हटा दिया। इसके बाद करीब 400 ग्राम सोना लेकर दोनों फरार हो गए। विश्वनाथ पाथर बाहर निगरानी करता रहा।

मेरठ से गाजियाबाद, फिर कालका मेल से बंगाल वारदात के बाद दोनों आरोपी सीधे गाजियाबाद पहुंचे। वहां से उन्होंने कालका मेल ट्रेन पकड़ी और पश्चिम बंगाल निकल गए। उधर, चोरी की जानकारी मिलने पर राज ज्वैलर्स के द्वितीय तल की ओर से एसके अजीजू पुत्र राहुल ने सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपी दिखाई दिए। इनमें विश्वनाथ पाथर की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों और संभावित रूट को खंगालना शुरू किया।

100 से ज्यादा कैमरों से खुला भागने का रूट आरोपियों तक पहुंचने के लिए सदर बाजार पुलिस और सर्विलांस टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज के आधार पर आरोपियों के आने-जाने के रास्ते को जोड़ा गया। सर्विलांस के जरिए दोनों की लोकेशन ट्रेस की गई जो पश्चिम बंगाल में मिली।

लोकेशन मिलते ही सदर बाजार पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल रवाना हो गई। पुलिस टीम ने हुगली पहुंचकर थाना धनिया में आमद दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

मिर्जानगर गांव के पास दबोचे दोनों आरोपी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मिर्जानगर गांव के पास से विश्वनाथ पाथर और साहिल मंडल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से चोरी का शत प्रतिशत सोना बरामद हुआ। विश्वनाथ के कब्जे से 196.300 ग्राम और साहिल के कब्जे से 185.800 ग्राम, यानी कुल 382.100 ग्राम सोना बरामद हुआ।

ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लौटी पुलिस एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि चूंकि आरोपियों की गिरफ्तारी दूसरे राज्य से हुई थी, इसलिए उन्हें मेरठ लाने के लिए पुलिस ने न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मांगी। न्यायालय ने दोनों की पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की। इसके बाद पुलिस सोमवार रात दोनों आरोपियों को लेकर मेरठ पहुंची। मंगलवार को दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

.