
संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग.
Surat News: गुजरात के सूरत में सरोली इलाके के मशहूर संगिनी टेक्सटाइल हब मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई. आग बाजार की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.
दूसरी मंजिल पर लगी आग, दूर तक दिखा धुआं
सोमवार शाम के समय संगिनी टेक्सटाइल मार्केट की दूसरी मंजिल पर अचानक आग की लपटें उठने लगीं. बाजार में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान होने की वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही. आग से निकल रहा घना काला धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में मौजूद लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया. फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू में करने की कोशिश शुरू की.
ये भी पढ़ें- गुजरात: कहां छिपा है शेर? वनकर्मियों पर हमला कर भागा; 11 टीमें तलाश में जुटीं
आग बुझाने के दौरान फायर कर्मी घायल
आग पर काबू पाने के दौरान एक फायर ब्रिगेड कर्मी घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी रही. आग को बाजार के दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकने का प्रयास किया गया. फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है. फायर ब्रिगेड और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.
#WATCH | Surat, Gujarat: A fire broke out at the Sangini Textile Hub market. Fire tenders are at the scene, and firefighting operations are underway. pic.twitter.com/enbdCPjn1a
— ANI (@ANI) September 28, 2026
कपड़ा बाजारों में आग का खतरा ज्यादा
कपड़ा बाजारों में आग लगने का खतरा काफी ज्यादा रहता है. दुकानों और गोदामों में बड़ी मात्रा में कपड़े और दूसरे ज्वलनशील सामान रखे होते हैं. इसके अलावा शॉर्ट सर्किट, वायरिंग पर ज्यादा लोड और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से भी खतरा बढ़ जाता है. बाजार की संकरी जगहें और भीड़भाड़ वाली दुकानें राहत और बचाव कार्य को मुश्किल बना सकती हैं. ऐसे में इस तरह की घटनाओं के बाद बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी ऑडिट को लेकर भी सवाल उठते हैं.
कामरेज में LPG लीक से फ्लैट में लगी थी आग
इससे पहले सूरत के कामरेज इलाके में मानसरोवर रेजिडेंसी के एक फ्लैट में LPG गैस लीक होने के बाद आग लग गई थी. आग तेजी से फैलने से घर का सामान जलकर राख हो गया था. हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलने के बाद कामरेज फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
गैस रिसाव की वजह की भी जांच जारी
कामरेज की घटना में गैस रिसाव कैसे हुआ और आग लगने की सही वजह क्या थी, इसकी भी जांच की जा रही है. लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने एक बार फिर बाजारों और घरों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत बताई है.

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More