‘आज का भारत आतंक बर्दाश्त नहीं करता…करारा जवाब देता है’, मन की बात में बोले पीएम मोदी

Published on 27 सित॰ 2026

नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। कार्यक्रम के 138वें एपिसोड में पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद, जनगणना और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल समेत कई मुद्दों का जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा कि 28 सितंबर को 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब वह भारत नहीं है, जो आतंकवाद को बर्दाश्त करे। आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहा है और आतंकवादियों की ओर से भारत पर आंख उठाने पर करारा जवाब दिया जाएगा।

‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने 28-29 सितंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए कहा कि उस समय भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ सीमा पार जाकर जो शौर्य दिखाया, उसे देखकर दुनिया हैरान थी। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक ने पूरी दुनिया के सामने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक दशक में सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर बालाकोट एयर स्ट्राइक और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक भारत ने बार-बार स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर आतंकवादी भारत पर आंख उठाएंगे तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले देश में सीरियल ब्लास्ट होना आम बात थी, लेकिन आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लेकर चल रहा है और इसके नतीजे भी दिखाई दे रहे हैं।

जनगणना का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने जनगणना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। उत्तराखंड में जनगणना की शुरुआत चमोली के माणा गांव से हुई। पीएम मोदी ने कहा कि जनगणना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने याद दिलाया कि उन्होंने 15 अगस्त को भी देशवासियों से आग्रह किया था कि जनगणना के लिए अपना समय जरूर निकालें।

अशोक सिंघल को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आज ऐसे महान व्यक्ति की 100वीं जन्मजयंती है, जिन्होंने संस्कृति, समाज और राष्ट्र के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि अशोक सिंघल ने समाज में रहकर तपस्वियों जैसा जीवन जिया। उन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन को दिशा और ऊर्जा दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उसी का परिणाम है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर को साक्षात देखा जा रहा है।

You Might Be Interested In

  • AI कैमरे का गजब कारनामा! पीठ पर टंगे गिटार को समझा ‘सवारी’, बिना हेलमेट बताकर काट दिया 500 रुपए का चालान
  • बेकाबू थार ने ई-रिक्शा के उड़ाए परखच्चे, अस्पताल में दम तोड़ते ही चालक छोड़ भागे रईसजादे; 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
  • लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बवाल!, रेप के बाद छात्रा की खुदकुशी की अफवाह पर भड़के छात्र; तोड़फोड़ और आगजनी
  • क्या आप भी हैं तनाव और खराब पाचन से परेशान? रोज करें ये योगासन, मिलेंगे जबरदस्त फायदे
  • पितृ पक्ष 2026: पितरों को कैसे करें खुश, जानें तर्पण-दान का महत्व
  • काशी और गया जी से पहले इस जगह पर पिंडदान करना जरूरी! रामायण से जुड़ी परंपरा