दिल्ली में लगने जा रहा दिग्गजों का जमावड़ा, जिनपिंग से लेकर पुतिन तक, कौन-कौन आ रहा भारत?

Published on 10 सित॰ 2026

दिल्ली में लगने जा रहा दिग्गजों का जमावड़ा, जिनपिंग से लेकर पुतिन तक, कौन-कौन आ रहा भारत?

Sep 10, 2026 01:26 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

BRICS Summit 2026 के लिए दिल्ली तैयार है। पुतिन, शी जिनपिंग समेत कई बड़े नेता भारत पहुंचेंगे। समिट से पहले राजधानी में 30 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जानें BRICS में शामिल होने वाले नेताओं की पूरी लिस्ट।

दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के बड़े नेता, पुतिन-शी जिनपिंग समेत इन देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल; पूरी लिस्ट

दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के बड़े नेता, पुतिन-शी जिनपिंग समेत इन देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल; पूरी लिस्ट

BRICS Summit 2026: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली 12 और 13 सितंबर को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विस्तारित ब्रिक्स समूह और उसके साझेदार देशों के नेताओं का स्वागत करेंगे। भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम में होगा।

शिखर सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम शनिवार, 12 सितंबर से शुरू होगा। पहले दिन ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि साझेदार देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेता रविवार, 13 सितंबर को कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

शिखर सम्मेलन में बहुपक्षवाद, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा, सप्लाई चेन और वैश्विक शासन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

ब्रिक्स के 11 सदस्य देश, कौन-कौन से नेता आएंगे?

ब्रिक्स के 11 पूर्ण सदस्य देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात हैं। सम्मेलन में शामिल होने वाले नेताओं की सूची इस प्रकार है:

  • शी जिनपिंग - चीन के राष्ट्रपति
  • व्लादिमीर पुतिन - रूस के राष्ट्रपति
  • सिरिल रामफोसा - दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति
  • मसूद पेजेशकियन - ईरान के राष्ट्रपति
  • अब्देल फतह अल-सीसी - मिस्र के राष्ट्रपति
  • अबिय अहमद - इथियोपिया के प्रधानमंत्री
  • प्रबोवो सुबियांतो - इंडोनेशिया के राष्ट्रपति
  • शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान - अबू धाबी के क्राउन प्रिंस, यूएई
  • माउरो विएरा - ब्राजील के विदेश मंत्री

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि की है। शी जिनपिंग की आधिकारिक पु्ष्टि का अभी इंतजार है।

ब्रिक्स के साझेदार और आउटरीच देशों से कौन आएगा?

ब्रिक्स के साझेदार और आउटरीच देशों से भी कई बड़े नेता दिल्ली पहुंचेंगे। इनमें शामिल हैं:

  • अलेक्जेंडर लुकाशेंको - बेलारूस के राष्ट्रपति
  • कासिम-जोमार्ट टोकायेव - कजाकिस्तान के राष्ट्रपति
  • अनवर इब्राहिम - मलेशिया के प्रधानमंत्री
  • अनुटिन चार्नवीराकुल - थाइलैंड के प्रधानमंत्री
  • मिगुएल डियाज-कैनेल - क्यूबा के राष्ट्रपति
  • बोला अहमद टिनुबू - नाइजीरिया के राष्ट्रपति
  • शवकत मिर्जियोयेव - उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति
  • जेसिका अलुपो - युगांडा की उपराष्ट्रपति

शिखर सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारी भी शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

11 सितंबर को BRICS Business Forum में मोदी का संबोधन

मुख्य दो दिवसीय सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 11 सितंबर को नई दिल्ली में BRICS Business Forum को संबोधित करेंगे। इसमें चीन, रूस, ब्राजील, यूएई और अन्य ब्रिक्स देशों के प्रमुख कारोबारी नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी उद्घाटन सत्र को संबोधित करने की उम्मीद है। बैठक में कृषि, व्यापार, निवेश, सप्लाई चेन और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद नेताओं का एक सत्र होगा, जिसे प्रधानमंत्री मोदी संबोधित कर सकते हैं।

चीन से बड़ी बिजनेस डेलिगेशन भी दिल्ली आएगी

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले चीन का एक बड़ा कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भारत आ रहा है। इसमें चीन की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होने की उम्मीद है। इनमें CNPC के चेयरमैन होउलियांग दाई, ICBC के चेयरमैन लिन लियाओ और चीन COSCO शिपिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मिन वान शामिल हैं।

हुवाई टेक्नोलॉजीज और अलीबाबा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। चीनी प्रतिनिधिमंडल भारतीय और अन्य ब्रिक्स देशों के कारोबारियों के साथ व्यापार, निवेश, तकनीक और सप्लाई चेन पर चर्चा कर सकता है।

कई बड़े ग्लोबल कारोबारी नेता भी होंगे शामिल

BRICS Business Forum में ब्रिक्स के दूसरे देशों के वरिष्ठ कारोबारी नेताओं के शामिल होने की भी उम्मीद है। इनमें शामिल हैं:

  • फ्रांसिस्को गोम्स नेटो - Embraer के प्रेसिडेंट और CEO
  • गुस्तावो पिमेंटा - Vale के CEO
  • फुथी महन्येले-दबेंगवा - Naspers की CEO
  • ओलेग बेलोजेरोव - रूसी रेलवे के CEO और चेयरमैन
  • अलेक्जेंडर वेद्याखिन - Sberbank के फर्स्ट डिप्टी चेयरमैन

बैठक में ऊर्जा, बैंकिंग, टेक्नोलॉजी, शिपिंग, एविएशन और माइनिंग क्षेत्र की कंपनियों का प्रतिनिधित्व होगा।

2006 में बना था BRICS

BRICS का गठन 2006 में ब्राजील, रूस, भारत और चीन ने मिलकर किया था। दक्षिण अफ्रीका 2010 में इसमें शामिल हुआ। मिस्र, इथियोपिया, ईरान और यूएई 2024 में समूह का हिस्सा बने। इसके बाद इंडोनेशिया पूर्ण सदस्य बना।