भिवानी जिले के लोहारू में सोमवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति से मदद के बहाने मारपीट कर उसकी बाइक लूट ली। घटना के बाद लोहारू पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों ने घटनास्थल का दौरा कर आरोपी की तलाश शुरू
.
जानकारी के अनुसार, गांव गोठड़ा के रहने वाले करीब 75 साल के बलबीर सोमवार को लोहारू में ईसीएचएस (ECHS) से दवाई लेने आए थे। बताया गया कि देवीलाल चौक के पास वे अचानक अपनी बाइक से गिर गए। तभी वहां मौजूद एक अनजान शख्स ने मदद करने के बहाने उनसे बात की और दवाई दिलवाने में मदद करने को कहा।

बाइक पर बुजुर्ग के साथ बैठा अज्ञात व्यक्ति।
मदद के बहाने आया आरोपी, बाइक लेकर फरार
इसके बाद अनजान शख्स बुजुर्ग बलबीर को अपनी बाइक पर बैठाकर दवाई दिलाने ले गया। दवाई दिलाने के बाद आरोपी उन्हें किसी बहाने से पिलानी रोड की तरफ ले गया। आरोप है कि पिलानी रोड पर कचरा पात्र के पास पहुंचने पर उस शख्स ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। फिर आरोपी उनकी बाइक लेकर वहां से भाग गया।
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को सड़क किनारे पड़ा देखा और उनकी मदद की। उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही लोहारू के डीएसपी संजीव गौड़, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण और डिटेक्टिव टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और बुजुर्ग से घटना के बारे में जानकारी इकट्ठी की।

मामले की जानकारी लेत हुई पुलिस।
फरार आरोपी की तलशा कर रही पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोहारू क्षेत्र में आरोपी की तलाश के लिए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ-साथ आरोपी के संभावित मार्गों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी बुजुर्ग के संपर्क में कैसे आया और वारदात के बाद वह बाइक लेकर किस दिशा में फरार हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल तथा आसपास के संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की डिटेक्टिव टीम भी अपने स्तर पर सुराग जुटाने में लगी हुई है।
आरोपी को गिरफ्तार और बाइक बरामद करने की मांग
बताया जा रहा है कि बलबीर का बेटा भारतीय सेना में तैनात है। घटना के बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों में भी रोष एवं चिंता का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने तथा बुजुर्ग की बाइक बरामद करने की मांग की है।
इंस्पेक्टर सत्यनारायण का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य संभावित सुरागों को खंगाल रही है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।