मोजतबा खामेनेई का लंदन वाला घर अब बिकेगा; जानें क्यों? कीमत जान रह जाएंगे दंग
Sep 07, 2026 09:43 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

लंदन के सबसे पॉश इलाके पैलेस ग्रीन में ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से जुड़े माने जा रहे दो आलीशान पेंटहाउस बिक्री पर लगा दिए गए हैं। करीब 36 मिलियन पाउंड यानी लगभग 450 करोड़ रुपये में खरीदे गए इन अपार्टमेंट्स में से एक की कीमत करीब 12 मिलियन पाउंड बताई जा रही है
खामेनेई का लंदन वाला घर बिकेगा
लंदन के सबसे प्रतिष्ठित इलाकों में से एक पैलेस ग्रीन स्थित आलीशान पेंटहाउस अब बिक्री के लिए रखे गए हैं। इनमें से एक की प्रस्तावित कीमत करीब 12 मिलियन पाउंड (लगभग 140 करोड़ रुपये) है। इसी इमारत में मौजूद दूसरे पेंटहाउस को पहले 16.75 मिलियन पाउंड में खरीदा गया था। दोनों संपत्तियों की कुल खरीद कीमत करीब 36 मिलियन पाउंड (लगभग 450-460 करोड़ रुपये) बताई जा रही है।
संडे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ये दोनों अपार्टमेंट ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से जुड़े माने जा रहे हैं। सरकारी रिकॉर्ड में इनके मालिक ईरानी बैंकर अली अंसारी दर्ज हैं। ये प्रॉपर्टीज ब्रिटिश राजधानी में इजरायली दूतावास के बेहद करीब 3ए पैलेस ग्रीन में स्थित हैं। डेली मेल ने आतंकवाद और सुरक्षा विशेषज्ञ के हवाले से बताया कि यहां से 50 मीटर से भी कम दूरी पर इजरायली दूतावास के पिछले हिस्से का सीधा दृश्य दिखाई देता है।
2014 और 16 खरीदे गए थे पेंटहाउस
रिपोर्ट के अनुसार, ये पेंटहाउस 2014 और 2016 में खरीदे गए थे। दोनों में स्टाफ के लिए आवास और निजी छत पर टेरेस हैं। छठी-सातवीं मंजिल पर फैला 3944 वर्ग फुट का पांच बेडरूम वाला डुप्लेक्स पेंटहाउस 12 मिलियन पाउंड से कम (लगभग 153 करोड़ रुपये) में पेश किया जा रहा है। नाइट फ्रैंक और सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी इसे 'लंदन के सबसे प्रतिष्ठित पतों में से एक से केंसिंग्टन गार्डन के शानदार नजारों वाला असाधारण डुप्लेक्स पेंटहाउस' बताकर मार्केटिंग कर रहे हैं। लिस्टिंग में स्टाफ आवास पर विशेष जोर दिया गया है।
बिक्री ब्रोशर में संपत्ति के राजनीतिक रूप से संवेदनशील कनेक्शन का कोई जिक्र नहीं है। इसके बजाय रिसीवरशिप का हवाला देते हुए खरीदारों से सभी जरूरी पूछताछ करने की सलाह दी गई है, क्योंकि पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है। सातवीं-आठवीं मंजिल वाला दूसरा अपार्टमेंट सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध नहीं है, इसलिए उसकी मौजूदा बिक्री कीमत पता नहीं चल पाई है।
अली अंसारी पर अमेरिका ने लगाए हैं प्रतिबंध
बता दें कि अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने जुलाई में अली अंसारी पर प्रतिबंध लगाते हुए उन्हें खामेनेई का 'प्रमुख वित्तपोषक' बताया था। वाशिंगटन के मुताबिक, अंसारी ईरानी नेता और शासक वर्ग को फायदा पहुंचाने वाले संपत्तियों के वैश्विक नेटवर्क की देखरेख करते हैं। ब्रिटेन ने पहले ही उन पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर को वित्तीय सहायता देने के आरोप में प्रतिबंध लगाए थे। उनके ब्रिटेन स्थित संपत्तियां फ्रीज कर दी गईं और उन्हें देश में प्रवेश से रोका गया। हालांकि अंसारी इन आरोपों से इनकार करते हैं।
क्यों बेचा जा रहा?
संडे टाइम्स के अनुसार, अंसारी द्वारा ऋण भुगतान न कर पाने के बाद ब्रिटिश सरकार ने इन संपत्तियों की बिक्री को मंजूरी दे दी। खरीद के लिए वित्तपोषण करने वाले निजी ऋणदाताओं ने बकाया वसूली के लिए रिसीवर नियुक्त किए थे। हालांकि मूल ऋण राशि का खुलासा नहीं किया गया है।