Aloo Kurkure Recipe: आज हम आपको आलू और पोहे से बाजार जैसे चटपटे और क्रिस्पी कुरकुरे बनाना बताएंगे, जिन्हें आप बेहद आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं. इसका चटपटा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा.
X

क्रिस्पी आलू कुरकुरे (Photo-ITG)
Aloo Kurkure Recipe: शाम की चाय के साथ अक्सर कुछ चटपटा और क्रिस्पी खाने का मन करता है. ऐसे में अगर आप हर दिन समोसा, पकौड़े या बिस्किट खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया खाना चाहते हैं तो घर पर आलू कुरकुरे ट्राई कर सकते हैं. आलू से तैयार होने वाले इन कुरकुरों की खासियत है कि ये बाहर से बेहद क्रिस्पी और अंदर से नरम होते हैं. इसमें पोहे की कोटिंग की जाती है जो तलने के बाद इसे अच्छी क्रंचीनेस देती है.
हरी मिर्च, पुदीना, जीरा पाउडर और नींबू का रस इसका स्वाद और भी बढ़ा देते हैं. इसे आप शाम की चाय के साथ हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं कि आलू से क्रिस्पी कुरकुरे कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
सम्बंधित ख़बरें
4 छोटे आलू
¾ कप मैदा
¾ कप पोहा
1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
1 चम्मच जीरा पाउडर
थोड़े से पुदीने के पत्ते
स्वादानुसार नमक
1 चम्मच नींबू का रस
तलने के लिए तेल
जरूरत के अनुसार पानी
कैसे बनाएं आलू कुरकुरे?
- आलू कुरकुरे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को कुकर में उबाल लें. आलू अच्छी तरह पक जाएं तो उन्हें ठंडा करके छील लें और एक बर्तन में अच्छी तरह मैश कर लें.
- अब इसमें बारीक कटा पुदीना, हरी मिर्च, जीरा पाउडर, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें. तैयार मिश्रण के छोटे-छोटे बराबर आकार के गोले बना लें.
- इसके बाद आलू के बॉल्स की कोटिंग तैयार करें. इसके लिए एक कटोरी में मैदा और थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल बना लें. अब एक-एक करके आलू के बॉल्स को मैदा के घोल में डुबोएं और फिर पोहे में अच्छी तरह रोल कर लें.
- अब कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर आलू के बॉल्स को धीरे-धीरे कड़ाही में डालें और मीडियम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक डीप फ्राई करें.
- जब आलू कुरकुरे अच्छी तरह फ्राई हो जाएं तो इन्हें प्लेट में निकाल लें. इन्हें गरमागरम चाय, हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
