Swara Bhaskar: सोशल मीडिया पर स्वरा भास्कर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बता रही हैं कि फिल्म ‘पद्मावत’ देखने के बाद वह इतनी नाराज क्यों हुई थीं. करीब आठ साल पहले भी स्वरा ने फिल्म के डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को एक खुला पत्र लिखकर फिल्म में जौहर और सती को महिमामंडित करने पर सवाल उठाए थे. उस समय स्वरा के इस लेटर को लेकर सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक काफी बहस हुई थी. अब दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक बार फिर उस पुराने पत्र और फिल्म के जौहर वाले सीन पर अपनी बात रखी है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्वरा कहती सुनाई दे रही हैं कि फिल्म में करीब 800 महिलाओं को जौहर करते हुए दिखाया गया था. इसे देखने के बाद उनके मन में यह सवाल आया कि अगर भगवान न करे, वह खुद रेप की पीड़ित होतीं, तो फिल्म उन्हें क्या संदेश दे रही थी.
ये भी पढ़ें: ऑब्सेशन की बंपर कमाई पर किसका हक? प्रोड्यूसर ने को-फाउंडर पर किया केस
स्वरा भास्कर ने कही ये बात
स्वरा ने कहा कि ऐसी स्थिति में उन्हें लगता कि शायद वह कायर हैं, क्योंकि उन्होंने अपनी ‘इज्जत’ बचाने के लिए खुद को खत्म नहीं किया. इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि क्या समाज महिलाओं को यह संदेश देना चाहता है कि अगर उनके साथ रेप हुआ है, तो उन्हें जीने का अधिकार नहीं है? उन्होंने आगे पूछा, क्या हम यह कह रहे हैं कि रेप एक महिला की जिंदगी का अंत है? स्वरा का कहना था कि ऐसे समाज में, जहां महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा की घटनाएं होती रहती हैं, इस तरह का संदेश बेहद परेशान करने वाला है.
Swara Bhaskar speaks about her letter to filmmaker Sanjay Leela Bhansali on the scene of Jauhar in the movie Padmavat pic.twitter.com/6X4Z0SvFtC
— Yeshi Seli (@YeshiSeli) August 31, 2026
प्रेग्नेंट महिला के सीन पर भी जताई आपत्ति
स्वरा ने फिल्म के एक और सीन का जिक्र किया, जिसने उन्हें काफी परेशान किया था. उन्होंने बताया कि फिल्म में एक गर्भवती महिला के पेट का क्लोजअप दिखाया गया था. स्वरा के मुताबिक, उन्हें इस सीन को देखकर लगा कि क्या यह संदेश दिया जा रहा है कि अगर गर्भ में पल रहा बच्चा लड़की है, तो उसे पैदा होने का भी अधिकार नहीं है, क्योंकि भविष्य में उसके साथ रेप हो सकता है? उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के बाद वह काफी गुस्से में थीं और उन्हें लगा कि यह सब बेहद गलत तरीके से पेश किया गया है. स्वरा ने कहा कि ‘पद्मावत’ में उन्हें कई ऐसी चीजें नजर आईं, जो उन्हें बेहद परेशान करने वाली लगीं.
पांच दिन बाद लिखा था ओपन लेटर
स्वरा ने यह भी बताया कि आमतौर पर लोगों को लगता है कि वह गुस्से में तुरंत अपनी राय रख देती हैं. लेकिन ‘पद्मावत’ के मामले में ऐसा नहीं था. उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्होंने करीब पांच दिन तक इंतजार किया और खुद से पूछा कि क्या वह अभी भी इसी तरह सोच रही हैं. स्वरा ने बताया कि पांच दिन बाद उन्होंने अपना खुला पत्र लिखा, जिसे वेबसाइट द वायर पर प्रकाशित किया गया था. स्वरा ने अपने पत्र में कहा था कि महिलाओं को रेप के बावजूद जीने का पूरा अधिकार है.
ये भी पढ़ें: गुजराती ब्लॉकबस्टर लालो का बनेगा तेलुगु रीमेक, इस रोल में दिखेंगे राम चरण, कार्तिक सुब्बाराज करेंगे डायरेक्ट?

कहकशा परवीन
टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.
Read More