पाकिस्तान के 'पैनिक बटन' दबाने पर भड़के रमीज राजा, पूछा- क्या गारंटी है कि ऐसा होगा?
Sep 01, 2026 01:53 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

England vs Pakistan: पाकिस्तान ने इंग्लैंड दौरे से साथ खिलाड़ियों को वापस बुलाने का फैसला किया है। इंग्लैंड टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है।

कप्तान बाबर आजम के साथ मोहम्मद रिजवान
इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की बुरी तरह भद्द पिट रही है। इंग्लैंड ने हेडिंग्ले में पहला मैच पारी और 103 रनों से जीता जबकि लॉर्ड्स में आयोजित दूसरा टेस्ट पर 194 रनों से कब्जा जमाया। इंग्लैंड में लगातार दो करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने चौंकाने वाला फैसला लिया। पीसीबी ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तान टीम के सात खिलाड़ियों को स्वदेश वापस बुला लिया। हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी पद से हटा दिया गया है। पाकिस्तान के 'पैनिक बटन' दबाने पर रमीज राजा भड़क उठे हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व पीसीबी चेयरमैन रमीज का मानना है कि घबराकर जल्दबाजी में कदम उठाने से कुछ नहीं बदलने वाला।
क्या गारंटी है कि ऐसा होगा?
रमीज ने सवाल कि क्या इतने बड़े बदलाव से टीम तुरंत ही बेहतर प्रदर्शन करने लगेगी? उन्होंने बीबीसी रेडियो 5 लाइव से कहा, ''मैं खुद को यह समझाने की कोशिश कर रहा हूं कि सबकुछ ठीक है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह सिर्फ दिखाता है कि पाकिस्तान क्रिकेट ने पैनिक बटन दबा दिया है। यह खेल के लिए अच्छा नहीं है। यह उन खिलाड़ियों के कॉन्फिडेंस के लिए भी अच्छा नहीं है जो आए हैं, या जो खिलाड़ी टीम में हैं। क्योंकि इससे आप एक सेल्फिश टीम बना जाते हैं। क्या गारंटी है कि रिजल्ट मिलेंगे? इनमें से कुछ लोगों ने टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है। मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों किया गया।'' उन्होंने आगे कहा, ''मैं इस सिचुएशन से बिल्कुल खुश नहीं हूं। हमने वर्ल्ड क्रिकेट में ऐसा कितनी बार देखा है? कभी नहीं, बिल्कुल नहीं। यह तो फुटबॉल जैसा है, सीजन के बीच में मैनेजर को बर्खास्त कर देना। अगर आप मुझसे पूछें कि चीजें कैसे ठीक हो सकती हैं, तो मुझे कोई आइडिया नहीं है।''
रिजवान समेत इनको बुलाया
पीसीबी ने सोमवार को अप्रत्याशित फैसला लेते हुए मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को पाकिस्तान टीम से रिलीज कर दिया। टीम में शामिल किए गए सात नए खिलाड़ी- साइम अयूब, अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, साद बेग, मुहम्मद रंधावा, रजाउल्लाह और मुहम्मद इमरान जूनियर हैं। इन सात खिलाड़ियों में से पांच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं जबकि मुहम्मद रंधावा और रजाउल्लाह ने अभी पाकिस्तान का किसी भी स्तर पर प्रतिनिधित्व नहीं किया है। बोर्ड ने सरफराज की जगह माइक हेसन को हेड कोच बनाया। गुल के स्थान पर एश्ले नॉफ्के को बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया। तीसरा टेस्ट नौ सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाना है।
लेखक के बारे में
Md.Akram
मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय