भाजपा पूर्व मेयर कुसुम का टिकट कटा: डिप्टी मेयर कर्णावट का नाम सूची में, पर सिंबल दूसरे को, - Jaipur News

Published on 1 सित॰ 2026

भाजपा पूर्व मेयर कुसुम का टिकट कटा:डिप्टी मेयर कर्णावट का नाम सूची में, पर सिंबल दूसरे को,

जयपुर41 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
अजमेर| टिकट नहीं मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र भाटी ने मुंडन करा लिया। - Dainik Bhaskar

अजमेर| टिकट नहीं मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र भाटी ने मुंडन करा लिया।

टिकट नहीं मिला तो प्रदेश में 1500 बागियों ने पर्चा भरा, डैमेज कंट्रोल में जुटे

निकाय चुनावों में टिकट वितरण के बाद भाजपा में असंतोष बढ़ गया है। भाजपा के एक दर्जन से ज्यादा जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। भाजपा का सिंबल नहीं मिलने के बाद नगर निगमों, नगर पालिकाओं व नगर परिषदों में 1500 से ज्यादा बागी मैदान में उतर गए हैं।

नामांकन दाखिल की अंतिम तारीख के दिन बागी लवाजमे के साथ परचा दाखिल करने पहुंच गए। वहीं भाजपा ने असंतुष्टों को मनाने और डैमेज कंट्रोल की जिम्मेदारी विधायकों व प्रभारियों को सौंपी है।

पार्टी मुख्यालय ने सभी प्रभारियों से बागियों की सूची मांगी है। इसके साथ ही इन बागियों के टिकट की सिफारिश करने वाले नेताओं की जानकारी भी चाही है, ताकि नामांकन वापस लेने की जिम्मेदारी भी उन्हीं नेताओं को दी जाए। पार्षद टिकट बांटने को लेकर भाजपा कार्यालय में तीन दिन तक मंथन चला। पार्टी की ओर से प्रभारियों व पर्यवेक्षकों के जरिए सर्वे भी करवाया गया था।

लेकिन अंतिम मौके पर विधायक समर्थकों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर अड़ गए। वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष व संगठन महामंत्री से राय मशविरा करने के बाद हर निकाय में महापौर व सभापति के तीन चेहरे उतारे हैं। बहुमत के बाद अंतिम फैसला होगा। जहां मेयर या सभापति सामान्य या आरक्षित वर्ग के पुरुष के लिए है, वहां पर डिप्टी मेयर व उपसभापति महिला बनाई जा सकती हैं।

परकोटे से मेयर के लिए दांव;वैश्य समुदाय के चार मजबूत चेहरे उतारे

संघ ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत परकोटे में 4 टिकट वैश्य समाज को दिए हैं। पूर्व शहर अध्यक्ष सुनील कोठारी को ​वार्ड 112 से निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर उतारा गया है। पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को किशनपोल के वार्ड 110 से टिकट दिया है। सुनील कोठारी के ही परिवार के विकास कोठारी को वार्ड116 से उतारा है।

विधायक के विरोध के बाद भी विमल अग्रवाल को उतारा गया है। तर्क है...किशनपोल व आदर्श नगर विधानसभा को साधना है। दोनों जगह कांग्रेस विधायक हैं। सबसे रोचक वार्ड 76 में घटनाक्रम हुआ। पूर्व डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट ने दावेदारी पेश की थी। पार्टी ने उम्मीदवार घोषित भी कर दिया, आ​​खिरी समय में विधायक काली चरण सराफ ने कुलदीप मिश्रा को सिंबल दे दिया। कुलदीप मिश्रा ने अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर नॉमिनेशन भर दिया। सराफ ने कहा कि पहले कुलदीप मिश्रा का नाम तय हुआ था। अब पार्टी नेतृत्व ने पुनीत का नाम तय कर दिया।

.