प्यार, शादी और फिर जुदाई... सिवनी में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मौत से पहले बनाया वीडियो

Published on 31 अग॰ 2026

Seoni News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कटंगी नाका इलाके की है. मृतक की पहचान कपिल भलावी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आत्महत्या करने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने एक युवती पर धोखा देने का आरोप लगाया और अपने इस कदम के लिए उसे जिम्मेदार ठहराने जैसी बातें कही थीं. घटना के बाद मृतक के परिजन शव को लेकर कोतवाली थाना पहुंचे और युवती तथा उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

परिजनों के अनुसार, कपिल भलावी का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. परिवार का कहना है कि दोनों ने गायत्री मंदिर में विवाह भी किया था. हालांकि बाद में युवती कपिल को छोड़कर चली गई, जिसके बाद वह काफी परेशान और तनाव में रहने लगा था. परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद और मानसिक तनाव के चलते कपिल ने यह कदम उठाया. हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी.

युवती पर लगाए गंभीर आरोप

मृत्यु से पहले कपिल द्वारा इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा किए जाने की बात भी सामने आई है. वीडियो में युवक ने युवती पर धोखा देने के आरोप लगाए हैं. उसने युवती और उसके परिजनों को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच कर रही है.

सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर किया वायरल

कपिल की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गुस्साए परिजन शव को वाहन में लेकर कोतवाली थाना पहुंचे और युवती व उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. इस दौरान कुछ समय तक थाने पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. सूचना मिलने पर एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन शव लेकर वापस लौट गए.

मृतक के परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी के अनुसार, युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. परिजनों ने एक परिवार पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध, विवाह और बाद में दोनों के अलग होने की बात सामने आई है. पुलिस सोशल मीडिया वीडियो, परिजनों के आरोप और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विनोद सोनी

विनोद सोनी

विनोद सोनी को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2 दशक का अनुभव है. विनोद को पठन-पाठन में काफी दिलचस्पी रही है. यही कारण है कि उन्होंने अलग-अलग विभाग और विषयों में कई डिग्रियां हासिल की हैं. इनमें रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (MJC) की डिग्री, राजनीति शास्त्र और समाज शास्त्र से एमए, एलएलबी, मास्टर ऑफ शोसल वर्क, एचआईवी एड्स और परिवार शिक्षा में डिप्लोमा किया है. इसके अलावा इन्होंने मार्शल आर्ट्स में ब्लैक बेल्ट की डिग्री भी प्राप्त की है.

Read More

google button