सूरत में वंदे भारत पर पथराव, ट्रेन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी कर रही थीं सफर

Published on 25 अग॰ 2026

सूरत में वंदे भारत पर पथराव, ट्रेन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी कर रही थीं सफर

वंदे भारत ट्रेन पर पथरावImage Credit source: Getty Images

गुजरात के सूरत में मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है. ट्रेन नंबर 22961 वंदे भारत एक्सप्रेस पर शाम 6:30 से 6:45 बजे के बीच पत्थर फेंके गए. हैरानी की बात ये है कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी इसी ट्रेन में सफर कर रही थीं. वह ट्रेन के एग्जीक्यूटिव कोच में यात्रा कर रही थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पथराव से कोच नंबर 6 और 10 की खिड़कियां टूट गईं. हालांकि इस घटना में उनके या किसी अन्य यात्री के घायल होने की खबर नहीं है.

इस पथराव मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. रेलवे पुलिस के साथ गुजरात पुलिस भी मामले की जांच कर रही है. पश्चिम रेलवे के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना उत्राण और कोसाड के बीच हुई, जिससेकोच C-6 और C-10 की कांच की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं. इसके बाद RPF की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक के पास लगभग 30 साल के एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि वह बुरी तरह नशे में था. पुलिस और RPF की टीम फिलहाल उसकी पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रही हैं. वहीं, घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने इलाके में रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी है. आरपीएफ और जीआरपी के जवान घटनास्थल और आसपास के इलाकों में आगे की जांच कर रहे हैं.

Vande Bharat Stone Pelting Suspect

वंदे भारत पथराव मामले में पकड़ा गया संदिग्ध

23 अगस्त को पटना में भी वंदे भारत पर हुआ था पथराव

हालांकि वंदे भारत ट्रेन में पथराव की ये घटना कोई नई बात नहीं है. इससे पहले 23 अगस्त को भी पटना-गोमती नगर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई थी, जिससे ट्रेन की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई थी. क्षेत्रीय रेलवे के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 6:40 बजे उस समय घटी, जब ट्रेन बिहटा स्टेशन के पास से गुजर रही थी. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी. बाद में रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

दोषियों की पहचान के लिए हो रही जांच

क्षेत्रीय रेलवे ने बताया कि आरपीएफ दोषियों की पहचान करने के लिए काम कर रही है. जांच के तहत वंदे भारत ट्रेन और आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर उसकी जांच की जा रही है. रेलवे ने कहा कि एहतियाती उपाय के तौर पर भविष्य में इसी तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा संयुक्त गश्त तेज कर दी गई है.

ये भी पढ़ें: यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा, 81 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

कुमार कुन्दन

कुमार कुन्दन

साल 2004 में "जी न्यूज" से पत्रकारिता की शुरुआत किया। इसके बाद "टोटल टीवी", "न्यूज24", " इंडिया टीवी", इसके बाद "राजस्थान पत्रिका" अखबार और फिर टीवी 9 भारतवर्ष से जुड़ा.

Read More

google button