लोजपा (रा) विधायक के मुजफ्फरपुर आवास पर पुलिस रेड, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला - Haribhoomi

Published on 23 अग॰ 2026

लोजपा (रा) विधायक के मुजफ्फरपुर आवास पर पुलिस रेड, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

सीतामढ़ी से लोजपा (रा) विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित घर पर पुलिस ने सर्च वारंट के साथ छापेमारी की। मामला जमीन विवाद से जुड़ा है।

LJP-R MLA Amit Kumar Ranu house raided

सीतामढ़ी के लोजपा (रा) विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर आवास पर पुलिस की छापेमारी।

  • Published: 23 Aug 2026, 01:01 PM IST
  • Last Updated: 23 Aug 2026, 01:01 PM IST

LJP (R) MLA Amit Kumar Ranu house raided: बिहार के सीतामढ़ी जिले की बेलसंड विधानसभा सीट से लोजपा (रामविलास) के विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर रविवार सुबह पुलिस ने अचानक छापेमारी की। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घर की बारीकी से तलाशी ले रही है।

यह पूरी कार्रवाई दो दिन पहले सामने आए एक जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़े जाने के मामले के सिलसिले में की जा रही है। विधायक अमित कुमार ने साल 2025 में लोजपा (रा) के टिकट पर बेलसंड सीट से जीत हासिल की थी।

जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़ने का मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले इलाके में जमीन विवाद के दौरान बाउंड्री वॉल तोड़े जाने की घटना घटी थी। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी नामजद मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।

विधायक के भाई पर लगे दबंगई के गंभीर आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमीन के कारोबार में विधायक अमित कुमार रानू के भाई द्वारा दबंगई दिखाई गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, विधायक के भाई कुछ अज्ञात युवकों के साथ लोजपा (रा) का झंडा लगी गाड़ी में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे और इसके बाद ही जमीन की बाउंड्री को तोड़ा गया।

पीड़ित पक्ष ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, इन सभी आरोपों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

कोर्ट के सर्च वारंट के आधार पर पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद न्यायालय से सर्च वारंट हासिल किया गया। इसी वारंट के आधार पर रविवार की सुबह पुलिस बल विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित घर पर पहुंचा और तलाशी अभियान शुरू किया।

हालांकि, पुलिस की इस तलाशी में क्या-क्या साक्ष्य या चीजें बरामद हुई हैं, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस फिलहाल विधायक के भाई समेत अन्य आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है और उपलब्ध वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।