Ranchi News: झारखंड में रांची रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. कांवड़ियों को लेकर जा रही श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की एक बोगी अचानक पटरी से नीचे उतर गई. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत या घायल होने की कोई खबर नहीं है, जिससे रेलवे प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली. मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08895 श्रावणी मेला स्पेशल श्रद्धालुओं और यात्रियों को लेकर मधुपुर की ओर जा रही थी.
रविवार तड़के करीब 2:30 बजे सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर पोल संख्या 354/SA4 के पास ट्रेन के इंजन से तीसरी बोगी (कोच नंबर SEC 64776) बेपटरी हो गई. रात के अंधेरे में अचानक तेज झटका लगने और बोगी के बेपटरी होने से ट्रेन के अंदर सो रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
रेलवे की त्वरित कार्रवाई, वैकल्पिक व्यवस्था से भेजे गए यात्री
घटना की सूचना मिलते ही रांची रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और रेलवे की तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची. रेलवे ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया और प्रभावित रेलखंड पर परिचालन बाधित न हो, इसके लिए कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया. फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की और उन्हें दूसरी ट्रेनों के माध्यम से आगे भेजा.
ये भी पढ़ें: बॉयफ्रेंड संग ठेले के Momo खा रही थी बीवी, तभी आ धमका पति फिर बीच सड़क शुरू हुआ तांडव
परिचालन हुआ सामान्य
रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए रेलवे कर्मचारियों की टीम ने कड़ी मेहनत की. बेपटरी हुई बोगी को पटरी से हटाकर ट्रैक की जांच की गई. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सिल्ली-मुरी-बोकारो रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही को पुनः सामान्य कर दिया गया है. रेलवे अधिकारी फिलहाल घटना के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More