![]()
Uzbekistan Type D Student Visa (Photo - AI)
Uzbekistan Type D Student Visa: आज के समय में भारतीय छात्रों में विदेश जाकर पढ़ाई करने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। खासकर मेडिकल (MBBS) और हायर एजुकेशन के लिए मध्य एशियाई देश उज्बेकिस्तान एक बेहतरीन और किफायती विकल्प के तौर पर उभरा है। कम खर्च, क्वालिटी एजुकेशन और ग्लोबल मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटीज के कारण हर साल हजारों भारतीय छात्र उज्बेकिस्तान का रुख कर रहे हैं।
लेकिन उज्बेकिस्तान में भारतीय छात्रों के लिए अपनी पढ़ाई की यात्रा शुरू करने से पहले यह जानना जरूरी है कि यहां पढ़ाई के लिए कौन-सा वीजा लेना होता है। बता दें कि उज्बेकिस्तान में पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा यानी Type D Visa हासिल करना अनिवार्य है। ऐसे में वीजा नियमों की सही जानकारी न होने से आवेदन खारिज हो सकता है या आपके दाखिले में देरी हो सकती है। अगर आप भी उज्बेकिस्तान उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए जाने का सपना देख रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि वहां के वीजा नियम क्या हैं और आपको किन बातों का ख्याल रखना जरूरी है।
उज्बेकिस्तान स्टूडेंट वीजा क्या है?
उज्बेकिस्तान जाने वाले भारतीय छात्रों के लिए टाइप D स्टूडेंट वीजा जारी किया जाता है। इसमें सबसे अधिक ध्यान रखने वाली बात यह है कि शुरुआत में एम्बेसी से मिलने वाला वीजा एक इन्ट्री वीजा होता है। जब छात्र उज्बेकिस्तान पहुंच जाते हैं, तो उन्हें वहां के लोकल इमिग्रेशन ऑफिस जाना होता है, जहां से उनके एंट्री वीजा को कोर्स की अवधि के अनुसार रेसिडेंस परमिट (Residence Permit) में बदल दिया जाता है या एक्सटेंड कराया जाता है।
वीजा इनविटेशन लेटर
छात्रों को बता दें कि उज्बेकिस्तान का स्टूडेंट वीजा खुद से सीधे एम्बेसी जाकर अप्लाई नहीं किया जा सकता। इसके लिए वीजा इनविटेशन लेटर (Visa Invitation Letter - VIL) का होना सबसे जरूरी है। जी हां, वीआईएल के जरिए ही एक भारतीय छात्र अपने स्टूडेंट वीजा के लिए अप्लाई कर सकता है। इसके लिए यूनिवर्सिटी से ऑफर लेटर चाहिए होता है। छात्र को सबसे पहले उज्बेकिस्तान की मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेना होगा।
क्या है VIL की प्रक्रिया
उज्बेकिस्तान में एडमिशन पक्का होने के बाद, संबंधित यूनिवर्सिटी उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रालय या माइग्रेशन अथॉरिटी में आपके नाम से वीजा इनविटेशन लेटर के लिए अप्लाई करती है। जब यूनिवर्सिटी से VIL अप्रूव होकर आ जाता है, तभी आप नई दिल्ली स्थित उज्बेकिस्तान दूतावास में अपने वीजा के लिए दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
वीजा के लिए जरूरी दस्तावेज
वीजा आवेदन के दौरान आपको निम्नलिखित डॉक्यूमेंट्स की जरूरत होती है।
वैध पासपोर्ट
यूनिवर्सिटी का एडमिशन लेटर और VIL
वीजा एप्लिकेशन फॉर्म
पासपोर्ट साइज तस्वीरें
मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट
फाइनेंशियल प्रूफ
हेल्थ इंश्योरेंस
उज्बेकिस्तान पहुंचने के बाद के अनिवार्य नियम
उज्बेकिस्तान पहुंचने के बाद काम यहां खत्म नहीं होता है। यहां से सही मायने में इमिग्रेशन नियमों की शुरुआत होती है। उज्बेकिस्तान पहुंचने के 3 से 7 दिनों के भीतर आपको अपना रजिस्ट्रेशन वहां के स्थानीय पुलिस या इमिग्रेशन ऑफिस (OVIR) में कराना अनिवार्य होता है। बता दें कि यह काम आमतौर पर यूनिवर्सिटी का हॉस्टल या आपका मकान मालिक करवाता है। अपने शॉर्ट-टर्म एंट्री वीजा को पूरे साल के रेसिडेंस परमिट में कन्वर्ट कराना न भूलें।
पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम जॉब कर सकते हैं?
भारतीय छात्रों को इस बात का खास ध्यान देना है कि उज्बेकिस्तान का स्टूडेंट वीजा केवल पढ़ाई के लिए जारी किया जाता है। वहां बिना वर्क परमिट के पार्ट-टाइम नौकरी नहीं करते हैं। स्टूडेंट वीजा पर नौकरी करने पर यहां कानूनी पाबंदी है। इसलिए, पार्ट-टाइम जॉब के भरोसे रहने के बजाय अपनी ट्यूशन फीस और रहने के खर्च का पूरा बजट भारत से ही प्लान करके जाएं।
![]()
वर्षा कुशवाहाauthor
वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Education
End of Article