पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस लुक में हो गई भारी मिस्टेक! किस गलती को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा?
Published: Saturday, August 15, 2026, 14:11 [IST]
PM Modi Independence Day Attire Controversy: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहनावा एक बार फिर चर्चा में रहा। सफेद कुर्ता-पायजामा, भूरे रंग की बिना आस्तीन वाली जैकेट और रंग-बिरंगी राजस्थानी पगड़ी में पीएम मोदी नजर आए। हालांकि, इस बार उनके पहनावे का एक छोटा सा हिस्सा राजनीतिक चर्चा का कारण बन गया।
पीएम मोदी की जैकेट की जेब में लगे सजावटी कपड़े के तीन हिस्सों के रंग हरा, सफेद और केसरिया थे। कांग्रेस ने इसी रंग क्रम को लेकर प्रधानमंत्री पर तंज कसा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे प्रधानमंत्री भारत की जगह आयरलैंड का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हों। इसके बाद सुप्रिया श्रीनेत ने भी इस मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना साधा।
जेब में लगे कपड़े पर कांग्रेस का तंज
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच X पर प्रधानमंत्री के पहनावे का वीडियो शेयर किया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि "लगता है साहब ने उर्दू में तिरंगा पहना है। या फिर भारत की जगह आयरलैंड का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं।" पवन खेड़ा का निशाना प्रधानमंत्री की जैकेट की जेब में लगे तीन रंगों वाले सजावटी कपड़े पर था। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि इसमें हरा, सफेद और केसरिया रंग जिस क्रम में दिखाई दे रहे हैं, वह भारतीय तिरंगे के क्रम से अलग है। सुप्रिया श्रीनेत ने भी इसी मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री के पहनावे का मजाक उड़ाया और कांग्रेस के हमले को और हवा दी।
ये भी पढ़ें: Independence Day Wishes: स्वतंत्रता दिवस पर अपनों को भेजें ये खास शुभकामना संदेश, विशेज और व्हाट्सएप स्टेटस
आयरलैंड के झंडे से क्यों जोड़ा गया?
भारत के राष्ट्रीय ध्वज में ऊपर से केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरा रंग होता है। वहीं आयरलैंड के झंडे में हरा, सफेद और नारंगी रंग बाएं से दाएं दिखाई देते हैं। पीएम मोदी की जैकेट की जेब में लगे कपड़े में भी हरा, सफेद और केसरिया रंग इसी तरह दिखाई दे रहे थे। इसी रंग क्रम को आधार बनाकर कांग्रेस ने इसे आयरलैंड के झंडे से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
कैसा था पीएम मोदी का पूरा पहनावा?
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सफेद रंग के कुर्ता-पायजामा और चॉकलेट भूरे रंग की बिना आस्तीन वाली जैकेट में नजर आए। इसके साथ उन्होंने पारंपरिक राजस्थानी और गुजराती शैली की पगड़ी पहनी थी। उनकी पगड़ी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इस बार उन्होंने गहरे लाल रंग की बांधनी शैली की पगड़ी पहनी थी, जिस पर सफेद और पीले रंग के छोटे-छोटे डिजाइन बने थे। पगड़ी का लंबा हिस्सा कंधे तक नीचे की ओर जाता हुआ दिखाई दिया।
लाल किले से प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस भाषण के दौरान उनकी पगड़ी पिछले कई वर्षों से खास आकर्षण का हिस्सा रही है। साल 2014 में पहली बार लाल किले से संबोधन के दौरान उन्होंने चमकीले लाल रंग की बांधेज पगड़ी पहनी थी, जिसके साथ हरे रंग का लंबा हिस्सा था। इसके बाद अलग-अलग वर्षों में उनकी पगड़ी के रंग और डिजाइन बदलते रहे। कभी चमकीले पीले और कई रंगों वाली बांधनी पगड़ी दिखाई दी, तो कभी सुनहरे धागों का इस्तेमाल नजर आया। कई बार पगड़ी में केसरिया रंग प्रमुख रहा। एक साल उन्होंने सफेद पगड़ी के साथ केसरिया और हरी धारियां भी पहनी थीं। कुछ पगड़ियों में पीले, हरे, नारंगी और लाल रंगों का मेल भी देखने को मिला।
2026 में फिर दिखा पहला अंदाज
2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में पीएम मोदी का पगड़ी वाला अंदाज काफी हद तक उनके 2014 के पहले लाल किला संबोधन की याद दिलाता नजर आया। हालांकि, इस बार उनकी जैकेट की जेब में लगाए गए हरे, सफेद और केसरिया रंग के सजावटी कपड़े ने राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया। कांग्रेस ने इसी रंग क्रम को लेकर आयरलैंड से तुलना करते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
ये भी पढ़ें: फ्री कोचिंग से 1 करोड़ युवाओं की AI ट्रेनिंग तक, लाल किले से PM मोदी ने खोला Gen Z के लिए 'गुड्डीज बैग'