क्रिकेट
इमरान खान की कप्तानी में क्यों खेलना चाहते थे शोएब अख्तर, करियर में किस बात का पछतावा
- Authored by: आदित्य साहू
- Updated Aug 14, 2026, 08:24 PM IST
Shoaib Akhtar on Imran Khan: शोएब अख्तर ने अब पाकिस्तान को वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान इमरान खान को लेकर एक बड़ी बात कही है। अख्तर का कहना है कि अगर उन्हें इमरान खान की कप्तानी में खेलने का मौका मिलता तो वह टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट हासिल कर सकते थे।
![]()
इमरान खान शोएब अख्तर (फोटो साभार- AI)
Shoaib Akhtar on Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपनी गेंदबाजी से दुनियाभर के बल्लेबाजों में खौफ पैदा किया था। अख्तर जब गेंद लेकर बैट्समैन की तरफ आते थे तो बड़े-बड़े बल्लेबाज कांप उठते थे। वह आज भी दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज माने जाते हैं। शोएब अख्तर ने 2003 के वनडे वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ केपटाउन में 161.3 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर दुनिया को हैरान कर दिया था। इस गेंद को फेंके हुए 23 साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन आज तक उनसे तेज गेंद कोई फेंक नहीं पाया है।
इमरान खान को लेकर कह दी बड़ी बात
शोएब अख्तर ने अब पाकिस्तान को वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान इमरान खान को लेकर एक बड़ी बात कही है। अख्तर का कहना है कि अगर उन्हें इमरान खान की कप्तानी में खेलने का मौका मिलता तो वह टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट हासिल कर सकते थे। अपनी पीढ़ी के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शुमार शोएब अख्तर ने अपने करियर में 46 टेस्ट मैच खेले। इन मैचों में उन्होंने कुल 178 विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने साल 2011 में भारत में हुए वनडे वर्ल्ड कप के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। गौरतलब है कि उस समय पाकिस्तान के तत्कालीन कप्तान शाहिद अफरीदी के साथ उनकी मतभेद की खबरें सामने आई थीं।
वसीम अकरम की कप्तानी में किया था डेब्यू
अख्तर ने ’जियो टीवी’ के एक कार्यक्रम में कहा कि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 400 से ज्यादा विकेट हैं। उनका मानना है कि उनके पसंदीदा कप्तान इमरान खान के नेतृत्व में खेलने से उनके करियर पर बड़ा असर पड़ता। 51 साल के हो चुके पाकिस्तानी गेंदबाज ने कहा कि अगर वह पहले इमरान खान के आक्रामक नेतृत्व में खेले होते तो उनसे बहुत कुछ सीखा होता और टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट लिए होते। शोएब ने रावलपिंडी में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। यह उनका घरेलू मैदान भी था। उस समय पाकिस्तान की कप्तानी वसीम अकरम कर रहे थे। तब वसीम अकरम ने इस युवा तेज गेंदबाज को पदार्पण कराने को लेकर आशंका जताई थी और माना था कि यह सही समय नहीं है। इसके बाद दोनों तेज गेंदबाजों के रिश्ते जटिल होते रहे और उनमें प्रशंसा के साथ-साथ मतभेद के दौर भी सामने आए।
![]()
आदित्य साहूauthor
आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।
और पढ़ें
- Hindi News
- Sports
- Cricket
End of Article