लेकसिटी के जल प्रबंधन इतिहास में संभवत: यह पहला मौका है जब शहर की दो प्रमुख झीलें- पिछोला और फतहसागर ओवरफ्लो होना तो दूर, इनके भरे बिना ही उदयसागर झील के दो गेट 1-1 फीट खोलने पड़े हैं। 24 फीट भराव क्षमता वाली उदयसागर का जलस्तर तीन दिन से जारी बारिश के
.
- उदयसागर का जलस्तर 21.6 फीट पहुंचा, क्षमता 24
अमूमन व्यवस्था और जल चक्र यह रहे हैं कि पहले मदार व देवास से पानी फतहसागर-पिछोला आता है। इनके छलकने के बाद पानी आयड़ नदी से होकर उदयसागर पहुंचता है। लेकिन इस बार उदयसागर में मानसून से पहले ही पर्याप्त पानी मौजूद था। गत 25 जुलाई को इसका जलस्तर 19.9 फीट था, जो 1 अगस्त को 20.6 फीट हुआ और हाल ही की तेज बारिश से 21.6 फीट तक पहुंच गया।
वजह: कैचमेंट में सुस्त बारिश से धीमी आवक
- पिछोला और फतहसागर के मुख्य कैचमेंट एरिया (देवास, मदार और नाई) में उदयसागर के मुकाबले कम बारिश हुई है। यही कारण है कि इन दोनों प्रमुख झीलों में पानी की आवक फिलहाल धीमी है।
- बुधवार को हुई बारिश के बाद अब आवक की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। पिछले साल उदयसागर के गेट समय पर नहीं खुलने से बैकवॉटर के कारण आसपास के कई गांवों में पानी भर गया था। गेट पूरे खोलने के बाद भी पानी उतरने में 2 से 3 दिन लग गए थे और तत्कालीन कलेक्टर को मौके पर जाकर सर्वे कराना पड़ा था।
- उसी कड़वे अनुभव से सीख लेते हुए जल संसाधन विभाग ने जलस्तर 24 फीट पहुंचने का इंतजार किए बिना पहले ही गेट खोल दिए, ताकि गांवों में जलभराव की नौबत न आए।

शहर में 31 मिमी, झाड़ोल में 4.8 इंच बारिश
हरियाली अमावस्या बुधवार को शहर के लिए सीजन की पहली तेज बारिश लेकर आई। पहाड़ियों पर धुंध की चादर और झीलों में उठती लहरों के बीच मौसम खुशनुमा हो गया। शाम 5 बजे तक शहर में 31 मिमी पानी बरसा। झाड़ोल में सर्वाधिक 123 मिमी (4.8 इंच), कोटड़ा 103 (4 इंच से ज्यादा), देवास (प्रथम) 65, गोगुंदा 48, वल्लभनगर 45, मदार 40, बागोलिया 30, स्वरूपसागर 26 और नाई क्षेत्र में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम पारा 5 डिग्री लुढ़ककर अगस्त के 12 दिन में पहली बार 27.9 डिग्री रह गया। इस महीने इसका औसत 30.5 है। न्यूनतम तापमान भी 1.4 डिग्री गिरकर 22 डिग्री पर सिमट आया।
आगे : 2 से 3 दिन हल्की से मध्यम वर्षा के आसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और राजस्थान पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक लेकसिटी में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश व कहीं-कहीं बूंदाबांदी का क्रम बना रहेगा। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।