पटियाला में घर देखने पहुंचे कपल पर पिटबुल का हमला, महिला गंभीर रूप से घायल, वीडियो वायरल
पटियाला के घुम्मण नगर में घर देखने पहुंचे कपल पर मकान मालिक के पालतू पिटबुल ने हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई और उसकी प्लास्टिक सर्जरी की गई है. इस खौफनाक घटना की CCTV फुटेज इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है. पढ़ें पूरी कहानी.
X

हमले में घायल महिला की हालत गंभीर है (फोटो-Video Grab)
पंजाब के पटियाला में पालतू पिटबुल के हमले का खौफनाक मामला सामने आया है, जहां घुम्मण नगर इलाके में किराए का घर देखने पहुंचे एक कपल पर पिटबुल डॉग ने अचानक हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि पीड़ित दंपति एक रियल एस्टेट डीलर के साथ घर देखने के लिए वहां पहुंचे थे. इसी दौरान घर का गेट खोलते ही परिसर में मौजूद पिटबुल ने महिला पर हमला बोल दिया. उसे बचाने की कोशिश में पति भी पिटबुल का शिकार हो गया.
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति के साथ घर खरीदने के लिए उस प्रॉपर्टी को देखने पहुंची थी. घर के बाहर पहुंचकर दंपति के साथ वहां मौजूद डीलर ने पहले डोरबेल बजाई और फिर जैसे ही उसने गेट खोला, अंदर मौजूद पिटबुल अचानक उनकी तरफ झपटा. कुत्ते ने महिला को निशाना बनाकर उस पर हमला कर दिया. जब उसके पति ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसने उनको भी काट खाया. इस दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर महिला को बचाने की कोशिश की.
हमले में महिला के शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं. बताया जा रहा है कि पिटबुल ने महिला को कई जगह काट लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई. हमले के दौरान महिला के पति को भी कुत्ते के काटने से चोटें आईं. वीडियो में महिला खून से सनी दिखाई दे रही है. दोनों को इलाज के लिए पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है. यहां देखें वीडियो-
सम्बंधित ख़बरें
महिला की चोटें गंभीर होने के चलते अस्पताल में उसकी प्लास्टिक सर्जरी भी की गई. घटना के बाद पीड़ित परिवार में डर का माहौल है. इस हमले की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जो वायरल हो रही है. फुटेज में घर के परिसर में पिटबुल के हमले से जुड़ी घटना दिखाई देती है.
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप कर दंपति को बचाने की कोशिश की थी, हालांकि, तब तक पिटबुल महिला और उसके पति को कई जगह घायल कर चुका था. घटना के बाद इलाके के लोगों में भी पालतू कुत्तों के ऐसे हमलों को लेकर चिंता देखने को मिल रही है.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
