Published: Sunday, August 30, 2026, 18:32 [IST]
Ruchika Singh New Video Viral: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग का एक नया वीडियो सामने आया है। आम आदमी पार्टी की ओर से शेयर किए गए करीब 39 सेकेंड के इस वीडियो में लड़की अपनी मौजूदा स्थिति को लेकर परेशान नजर आ रही है।
वीडियो में नाबालिग कहती है कि उसकी जिंदगी 'नर्क' बन गई है। उसका दावा है कि उसे हर जगह परेशान किया जा रहा है और वह सामान्य तरीके से कहीं आ-जा नहीं पा रही है।
'मुझे हर जगह मुंह छिपाकर रहना पड़ रहा है'
वीडियो में लड़की कहती सुनाई देती है कि उसके पास जो कुछ था, वह सब चला गया। वह न कहीं जा पा रही है और न ही कहीं रह पा रही है। उसका कहना है कि उसके पास कोई आजादी नहीं बची है और उसे हर जगह अपना चेहरा छिपाकर रहना पड़ रहा है। इसके बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती है। हालांकि, वीडियो में यह स्पष्ट नहीं है कि यह रिकॉर्डिंग कब की है और इसे किस परिस्थिति में बनाया गया।
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान वायरल हुआ था VIDEO
मामला 23 जुलाई को सामने आया था। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान बनाए गए एक वीडियो में नाबालिग प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दी थी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद गाजियाबाद निवासी एक महिला ने नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 30 जुलाई को नाबालिग के खिलाफ कथित तौर पर जानबूझकर अपमान, सार्वजनिक उपद्रव और मानहानि से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया था।
FIR के बाद मांगी थी माफी
FIR दर्ज होने के बाद नाबालिग का एक माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया था। उसमें वह हाथ जोड़कर अपने बयान पर पछतावा जताती नजर आई थी। उसने कहा था कि उससे जो हुआ, वह माफी के लायक नहीं था। उसने खुद को 15 साल का बताते हुए इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताया था। उसने दोबारा ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की बात कही और अपने किए पर शर्मिंदगी जताई थी। उस वीडियो में नाबालिग ने लोगों से उसे माफ करने की अपील भी की थी।
अब नए वीडियो में पुलिस कार्रवाई का असर बताने का दावा
अब सामने आए वीडियो में वही नाबालिग अपनी परेशानियों के बारे में बात करती नजर आ रही है। वह कहती है कि उसे लगातार परेशान किया जा रहा है और वह अपना चेहरा छिपाकर रहने को मजबूर है। वीडियो को आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और इसकी रिकॉर्डिंग की तारीख की जानकारी सामने नहीं आई है।
किस प्रदर्शन से जुड़ा है पूरा मामला?
यह विवाद छात्रों के एक बड़े प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक समेत छात्रों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था। इसी आंदोलन के दौरान नाबालिग का प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा वाला वीडियो सामने आया था।
'कॉकरोच' टिप्पणी से शुरू हुआ था राजनीतिक विवाद
इस आंदोलन की पृष्ठभूमि में एक अलग विवाद भी था। 15 मई को सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश की ओर से बेरोजगार युवाओं को लेकर 'कॉकरोच' शब्द वाली टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हुआ था। इसके बाद 16 मई को सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम से एक अभियान सामने आया। 6 जून को इसके संस्थापक बताए जाने वाले अभिजीत दीपके के भारत आने के बाद गतिविधियां और तेज हुईं। इसके बाद 20 जून से जंतर-मंतर पर छात्रों ने NEET पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया।