PM मोदी ने किया टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन: CM यादव बोले- प्रदेश में UCC लागू करेंगे, राम की तरह रहीम भी कर सकेगा एक शादी - Tikamgarh News

Published on 17 जुल॰ 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत योजना के तहत 16.77 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 4 बजे टीकमगढ़ पहुंचे।

.

रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री उत्सव भवन गए, जहां उन्होंने संदीपनी विद्यालय सहित क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और उद्घाटन किया।

"राम की तरह रहीम भी कर सकेगा एक ही शादी"

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में समाज के सभी वर्गों के लिए एक समान कानून बनाने की योजना लागू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि राम को एक शादी करने की वैधता है, तो रहीम भी एक ही शादी कर सकेगा, क्योंकि देश और प्रदेश में अलग-अलग कानून नहीं चलेंगे।

जिले के लिए मेडिकल कॉलेज की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ को एक बड़ी सौगात देते हुए जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि जब वे अगली बार टीकमगढ़ के दौरे पर आएंगे, तब इस मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन करेंगे।

सीएम को काले झंडे दिखाने की कोशिश, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सिविल लाइन रोड पर ओबीसी महासभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। ये कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में सीताराम राजपूत, सीबी कुशवाहा, रविंद्र सिंह लोधी, अखिलेश यादव, रवि विश्वकर्मा, चक्रेश लोधी और नीलेश यादव शामिल हैं, जिन्हें पुलिस वाहन से कोतवाली थाने ले जाया गया।

इन मांगों को लेकर अड़ा था ओबीसी संगठन

प्रदर्शन कर रहे ओबीसी महासभा के कार्यकर्ता मुख्य रूप से पिछड़ा वर्ग के 13% आरक्षण पर लगी रोक को हटाने, टीकमगढ़ जिले में स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित करने और क्षेत्र की अन्य प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई बड़े चेहरे

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत, पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी, पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी और कलेक्टर विवेक श्रोतिय सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर पीएम मोदी ने देश के 20 राज्यों के कुल 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी वर्चुअली लोकार्पण किया।