राहुल के साथ PC करने वाली NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR, पुलिस पर लगाया था मारपीट का आरोप

Published on 14 अक्टू॰ 2026

राहुल के साथ PC करने वाली NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR, पुलिस पर लगाया था मारपीट का आरोप

राहुल गांधी के साथ NSUI कार्यकर्ता Image Credit source: TV9

दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन और बस के अंदर कथित मारपीट की घटना के सिलसिले में महिला NSUI कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है. इन महिला NSUI कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राहुल गांधी के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी, जिसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस पर मारपीट और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे.

NSUI कार्यकर्ता रितु बराला और अन्य का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन और उसके बाद पुलिस हिरासत के दौरान, महिला कॉन्स्टेबल चंचल यादव और अन्य कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की, मारपीट की और गाली-गलौज की. यहां तक कि उनके बाल भी खींचे. वहीं दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित दुर्व्यवहार और बस के अंदर हुई घटना को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

राहुल गांधी ने रितु बराला को बताया था शेरनी

इससे पहले बुधवार को दिल्ली में राहुल गांधी के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रितु बराला ने घटना के बारे में बताया. रितु बराला की ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “वह शेरनी है.” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें डर लगा, तो उन्होंने कहा कि उन्हें डर नहीं लगा. रितु बराला ने कहा, “मैंने उनसे कहा, ‘जितना चाहो उतना मारो.’ हम NSUI कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे थे. हमें बसों में भर दिया गया.” उन्होंने आगे कहा, “हमें सड़क पर घसीटा गया और हमारे प्राइवेट पार्ट्स पर मारा गया.”

दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

रितु ने बताया, “जब हम बस से उतरने की कोशिश कर रहे थे, तो एक महिला पुलिस चंचल यादव ने मेरा गला कसकर पकड़ लिया. उन्होंने मुझे पीछे की ओर धक्का दिया, जिससे मैं गिर गई. उन्होंने अपने नाखूनों से मुझे खरोंचा और जोर से थप्पड़ मारा. फिर, उन्होंने मेरे बाल पकड़े और बस के अंदर मुझे आगे-पीछे खींचा.

पुलिस ने थाने में ले जाकर पीटा

उन्होंने मेरा गला जोर से दबाया और मेरा कान मरोड़ दिया. कनॉट प्लेस पर, चंचल यादव ने बस रोकी, हम दोनों लड़कियों को सड़क पर घसीटा और हमारे प्राइवेट पार्ट्स पर मारा. हमें पुलिस थाने ले जाया गया. उन्होंने ताना मारते हुए कहा, ‘बताओ, तुम्हारा नेता अब कहां गया है?’ उन्होंने लाठी से मेरे पैरों पर मारा और कहा, ‘बताओ, क्या मैं तुम्हें नेता बनाऊं?’ मैंने जवाब दिया, ‘कोई बात नहीं, मैम, हम अगले विरोध प्रदर्शन में मिलेंगे. यह कुरुक्षेत्र की लड़ाई है, हमें इसे जीतना है.'”

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button