फिल्मी दुनिया के एक ऐसे डायरेक्टर जो समय से आगे की सोच रखने वाली फिल्में बनाते थे। इसने उन्हें सफलता ...और पढ़ें

सिनेमा का मिजाज बदलने वाले डायरेक्टर। फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। कुछ डायरेक्टर सिनेमा को बदल देते हैं और बीआर इशारा (BR Ishara) भी उन्हीं में से एक हैं। उनकी सोच अपने समय से आगे रहती थी जो उनकी फिल्मों में साफ दिखता था।
इस बात में कोई दोराय नहीं है कि बीआर इशारा हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्देशकों में से एक रहे, लेकिन उन्हें कभी-कभी अपनी फिल्मों के चलते आलोचना भी झेलनी पड़ती थी। उनकी फिल्मों को बी-ग्रेड कहा जाता था। हालांकि, उन्होंने सिनेमा को कई यादगार फिल्मों से नवाजा।
इस आर्टिकल में हम आपको हिमाचल प्रदेश के ऊना में जन्मे बीआर इशारा के बारे में बताने जा रहे हैं...
घर से भाग गए थे डायरेक्टर
7 सितंबर 1934 को बीआर इशारा का जन्म हुआ। उनका असली नाम रोशन लाल शर्मा था। बचपन से ही उन्हें सिनेमा से लगाव था। एक दिन ठान लिया कि मुंबई जाकर फिल्मी दुनिया में जाएंगे और फिर घर से भागकर मायानगरी आ गए। हालांकि, यहां आकर तुरंत स्टार बन जाना आसान थोड़ी।
लोगों को चाय पिलाते थे डायरेक्टर
शुरू में गुजारा करने के लिए इशारा ने छोटे-मोटे काम किए। कभी वह सेट पर टी ब्वॉय बनकर चाय सर्व करते तो कभी स्पॉट ब्वॉय का काम किया। यहां से उन्हें सेट पर रहने का मौका मिला और धीरे-धीरे उन्होंने अपनी जगह बनानी शुरू कर दी। शुरू में वह लेखकों के साथ मिलकर कहानियां लिखते थे और फिर डायरेक्टर्स को असिस्ट करना भी शुरू कर दिया था।

बीआर इशारा की फिल्में
1964 में आई फिल्म 'आवारा बादल' थी जिससे उन्होंने अपना निर्देशन करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 'तीसरी कसम', 'चांद और सूरज', 'स्पाई इन रोम', 'मिलाप', 'प्रेम शास्त्र' जैसी फिल्में बनाई हैं। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा सफलता 'चेतना' फिल्म से मिली। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जितनी सफल रही, उतनी ही विवादों में भी रही।
तवायफ पर बनी फिल्म पर मचा था बवाल
फिल्म एक तवायफ पर आधारित थी। इस वजह से फिल्म को लेकर बवाल मचा। मगर दर्शकों ने इसे सराहा और यह सुपरहिट बन गई। फिल्म में अनिल धवन, शत्रुघ्न सिन्हा और रेहाना सुल्तान मुख्य भूमिकाओं में थे। बीआर इशारा सिर्फ अपनी फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि उन्होंने कई सितारों को लॉन्च भी किया है। वह नए कलाकारों के साथ फिल्में बनाने से नहीं हिचचिकाते थे।
कई सितारों को किया लॉन्च
बीआर इशारा ने परवीन बाबी और भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी जैसे कई कलाकारों को इंडस्ट्री में लॉन्च किया। यही नहीं, उन्होंने अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई स्टार्स को उनके शुरुआती दौर में मौके भी दिए।

तंगी से गुजरा आखिरी वक्त
बीआर इशारा ने अपने करियर में करीब 35 फिल्मों में ही काम किया। इसके बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। उनकी आखिरी फिल्म 1996 में हुकुमनामा और सैतेला भाई आई थी। इसके बाद वह लाइमलाइट से दूर हो गए। खबरों की मानें तो उनका आखिरी समय बहुत तकलीफ से गुजरा था।
अपने आखिरी दौर में बीआर इशारा आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। कहा जाता है कि उनके पास इतने पैसे भी नहीं थे कि वह अपना इलाज करवा सके। 24 जुलाई 2012 को डायरेक्टर का 77 साल की उम्र में निधन हो गया था।