
शादाब और हारिस ने हैरतअंगेज जीत दिलाईImage Credit source: Getty Images
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एक सनसनीखेज अंदाज में वापसी करते हुए इंग्लैंड को 1 विकेट से हरा दिया. मगर ये एक विकेट से जीत कोई ऐसी-वैसी नहीं थी. ऐसा नहीं था कि जीत से 10-15 रन पहले 9वां विकेट गिरा और फिर आखिरी जोड़ी ने बचे हुए रन बनाकर जीत दिलाई. ये जीत सबसे अलग थी. सबसे खास थी. वजह- शादाब खान का पहला शतक और हारिस रऊफ के साथ 10वें विकेट के लिए उनकी साझेदारी, जिसने वनडे क्रिकेट का रिकॉर्ड बदल दिया.
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 25 अक्टूबर को खेले गए इस मैच में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 241 रन पर ही रोक दिया था. इसी इंग्लैंड ने 2 दिन पहले रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ 429 रन बनाए थे. मगर फिर 429 रन डिफेंड करने में नाकाम रही इंग्लैंड की गेंदबाजी सिर्फ 241 के स्कोर का सफल बचाव करती हुई दिख रही थी क्योंकि इंग्लिश गेंदबाजों ने सिर्फ 154 रन तक पाकिस्तान के 9 विकेट गिरा दिए थे.
ऐसे वक्त में पाकिस्तान की जीत की उम्मीद किसे रही होगी? पाकिस्तान के सबसे बड़े सपोर्टर ने भी इस वक्त तक हार मान ली होगी. यहां तक कि 8वें नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे शादाब खान और 11वें नंबर के बल्लेबाज रऊफ को भी ये मैच सिर्फ औपचारिकता लगा होगा. मगर एक-एक रन जोड़ते हुए इन दोनों ने कहानी के साथ ही इतिहास भी बदल दिया. हारिस रऊफ ने सिर्फ विकेट बचाने का काम किया और उसे बखूबी निभाया.
वहीं शादाब ने विकेट बचाने के साथ ही सारे रन बनाने की जिम्मेदारी उठाई और टीम को जीत के करीब पहुंचाया. हालांकि जब जीत 21 रन दूर थी और शादाब शतक से 3 रन दूर थे, तभी उन्हें LBW आउट दे दिया गया. शादाब ने भी बस औपचारिकता पूरी करने के लिए DRS की मदद ली. मगर नाउम्मीदी के साथ लिया DRS जीवनदान साबित हुआ क्योंकि गेंद उनके बल्ले से लगी थी.
बस फिर क्या था. शादाब ने पहले तो 93 गेंदों में अपना पहला इंटरनेशनल शतक पूरा किया और फिर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया. अंत में हारिस रऊफ ने चौका जमाकर टीम को यादगार जीत दिलाई. शादाब और हारिस के बीच 80 गेंदों में 89 रन की साझेदारी हुई, जो वनडे क्रिकेट में सफल रनचेज में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड है. इससे पहले ये रिकॉर्ड एंडी रॉबर्ट्स और डैरिक मरे (65 रन) के नाम था, जिन्होंने 1975 में पाकिस्तान के खिलाफ ही इसे अंजाम दिया था.
हारिस ने इस साझेदारी में 19 गेंद खेलकर सिर्फ 7 रन बनाए. वहीं शादाब खान ने 8वें नंबर पर बैटिंग करते हुए ODI क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड बनाया. वो इस नंबर पर शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज भी बने. शादाब ने 96 गेंदों में ही 113 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनके अलावा बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज और आयरलैंड के सिम्मी सिंह ने ही इस नंबर पर शतक लगाए थे. दोनों का स्कोर 100 रन था.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More