कैलिफोर्निया के एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलीं. इस हमले में न्यूयॉर्क टाइम्स के टेक एग्जिक्यूटिव 40 वर्षीय जोनाथन मैककिन्से की मौत हो गई. उन्हें डबलिन स्पोर्ट्स ग्राउंड्स की पार्किंग में कई गोलियां मारी गईं. मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी के माता-पिता, दोनों 77 साल के, को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे इलाके में गश्त कर रहे एक अधिकारी ने पार्किंग में मैककिन्से को जमीन पर लहूलुहान देखा. इससे पहले गोली चलने को लेकर कई इमरजेंसी कॉल भी आ चुकी थीं. पुलिस मौके पर पहुंची तो मैककिन्से की कई गोलियां लगने से मौत हो चुकी थी. चश्मदीदों ने बताया कि दो नकाबपोश हमलावर उनके पास पहुंचे और गोलीबारी की.
यह भी पढ़ें: गोरखपुर चौरी चौरा मर्डर-सुसाइड मिस्ट्री: 15 साल के शिवा की हत्या और श्याम की खुदकुशी! आखिर खंडहर में ऐसा क्या हुआ था?
सम्बंधित ख़बरें
शक के घेरे में पत्नी के माता-पिता
पुलिस ने कुछ ही देर बाद शोयॉन्ग झांग और शिली चेन को गिरफ्तार कर लिया. दोनों मैककिन्से की पत्नी कैंडिस जांग के माता-पिता हैं. दोनों को हत्या के शक में हिरासत में लिया गया है. उन पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर, साजिश, हथियार से खतरनाक तरीके से फायरिंग और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े आरोप लगाए गए हैं.
मामले में पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आया है. मैककिन्से और उनकी पत्नी के बीच तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के पीछे का मोटिव आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है.
कौन थे जोनाथन मैककिन्से?
जोनाथन मैककिन्से टेक्नोलॉजी की दुनिया में अच्छी पहचान रखते थे. उन्होंने नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी, हेवलेट पैकार्ड एंटरप्राइज और ओरेकल जैसी कंपनियों में काम किया था. इसके बाद वे कोर्सेरा, यूकेजी और स्प्लंक से भी जुड़े.
यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर में डबल मर्डर, शिक्षक पति-पत्नी की धारदार हथियार से हत्या
जनवरी 2023 में उन्होंने द न्यूयॉर्क टाइम्स जॉइन किया. वह एनवाईटी गेम्स की इंजीनियरिंग टीम को लीड कर रहे थे और कनेक्शंस जैसे लोकप्रिय गेम्स की तकनीक पर काम कर रहे थे. 2025 के अंत तक वे गेम्स प्लेयर एक्सपीरियंस के इंजीनियरिंग डायरेक्टर बन चुके थे और करीब 25 लोगों की टीम संभाल रहे थे.
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पुलिस पारिवारिक विवाद और गोलीबारी के पीछे की वजह की जांच कर रही है. दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, लेकिन हत्या का पूरा कारण जांच आगे बढ़ने के साथ ही साफ होगा.
---- समाप्त ----
